छत्तीसगढ़ में 12 जून तक पहुंचेगा मानसून, मध्य प्रदेश में 15 से 18 जून के बीच दस्तक की संभावना

मौसम विभाग के मुताबिक मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और देश के कई राज्यों में पहुंच चुका है।

  • Written By:
  • Publish Date - June 9, 2026 / 03:30 PM IST

भोपाल/रायपुर: मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में प्री-मानसून (Pre-Monsoon) गतिविधियां तेज हो गई हैं और लोगों को अब दक्षिण-पश्चिम मानसून (Southwest Monsoon) का इंतजार है। मौसम विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ में मानसून 12 जून तक पहुंच सकता है, जबकि मध्य प्रदेश में इसकी एंट्री 15 से 18 जून के बीच होने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और देश के कई राज्यों में पहुंच चुका है। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी प्री-मानसून बारिश का दौर जारी है, जिससे गर्मी से राहत मिल रही है।

मध्य प्रदेश में आमतौर पर मानसून 15 जून के आसपास दस्तक देता है। पिछले वर्ष मानसून 16 जून को प्रदेश में पहुंचा था। इस बार मौसम विभाग ने 15 से 18 जून के बीच मानसून के प्रवेश की संभावना जताई है। प्रदेश के दक्षिणी जिलों बड़वानी, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, बैतूल, बालाघाट, मंडला और सिवनी के रास्ते मानसून की एंट्री होने की उम्मीद है।

मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। कुछ जिलों में हीटवेव की चेतावनी भी जारी की गई है।

वहीं छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक सामान्य तौर पर 13 जून के आसपास होती है, लेकिन इस बार इसके 12 जून तक पहुंचने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मानसून सुकमा और बस्तर क्षेत्र से राज्य में प्रवेश करेगा और फिर रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर होते हुए उत्तर छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ेगा। पूरे राज्य में मानसून के सक्रिय होने में लगभग 5 से 7 दिन का समय लग सकता है।

छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में मानसून से पहले ही हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां और बढ़ सकती हैं, जिससे किसानों और आम लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून 4 जून को केरल पहुंच चुका है और लगातार आगे बढ़ रहा है। मौसम की अनुकूल परिस्थितियों को देखते हुए मध्य भारत में भी जल्द मानसून सक्रिय होने की संभावना है।