साय कैबिनेट की अहम बैठक आज, ट्रांसफर नीति को मिल सकती है मंजूरी; CM हेल्पलाइन 1076 भी होगी शुरू
By : hashtagu, Last Updated : June 9, 2026 | 5:34 am
रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय (Vishnu Deo Sai) की अध्यक्षता में सोमवार को नवा रायपुर स्थित मंत्रालय में कैबिनेट (Cabinet) की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासन, कृषि (Agriculture), कर्मचारियों और जनसुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा हुई। माना जा रहा है कि इस बैठक में नई ट्रांसफर नीति (Transfer Policy) को मंजूरी मिल सकती है, जिसका इंतजार लंबे समय से अधिकारी और कर्मचारी कर रहे हैं।
कैबिनेट बैठक में सबसे अधिक नजर तबादलों पर लगी रोक हटाने और नई स्थानांतरण नीति पर रही। सरकार जल्द ही प्रदेश में तबादलों की प्रक्रिया शुरू कर सकती है। यदि कैबिनेट से मंजूरी मिलती है तो विभिन्न विभागों में बड़े पैमाने पर अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादले किए जा सकेंगे।
बैठक में किसानों से जुड़े मुद्दे भी प्रमुख एजेंडे में शामिल रहे। आगामी खरीफ विपणन वर्ष के लिए समर्थन मूल्य (MSP) पर धान खरीदी, कस्टम मिलिंग नीति और मौजूदा खरीफ सीजन में किसानों को खाद और बीज की उपलब्धता की समीक्षा की गई। सरकार खेती-किसानी से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर भी निर्णय ले सकती है।
राज्य सरकार आज से CM हेल्पलाइन 1076 सेवा की शुरुआत भी करने जा रही है। सुशासन तिहार के समापन के बाद शुरू होने वाली इस सुविधा के जरिए प्रदेश के नागरिक अपनी शिकायतें सीधे दर्ज करा सकेंगे। लोग टोल फ्री नंबर 1076 पर कॉल करके अपनी समस्याएं बता सकेंगे।
इसके अलावा शिकायत दर्ज कराने के लिए वेब पोर्टल (Web Portal), मोबाइल ऐप (Mobile App) और व्हाट्सएप (WhatsApp) की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। सरकार का दावा है कि इस नई व्यवस्था से आम लोगों की शिकायतों का समाधान अधिक तेजी और पारदर्शिता के साथ किया जा सकेगा।
बैठक में सुशासन तिहार के दौरान जनता से प्राप्त सुझावों, शिकायतों और फीडबैक पर भी चर्चा होने की संभावना है। साथ ही कर्मचारियों, किसानों, उद्योगों और विभिन्न विभागों से जुड़े कई प्रस्तावों को मंजूरी मिल सकती है।
प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था, किसान हितैषी योजनाओं और जनसेवाओं को मजबूत करने के लिहाज से साय सरकार की यह कैबिनेट बैठक काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इसके फैसलों का असर आने वाले दिनों में प्रदेश के लाखों कर्मचारियों, किसानों और आम नागरिकों पर देखने को मिल सकता है।




