भारत के सख्त रुख के आगे झुका पाकिस्तान, 20 दिन बाद BSF जवान पूर्णम साहू को लौटाया
By : hashtagu, Last Updated : May 14, 2025 | 11:52 am
नई दिल्ली: भारत के कड़े एक्शन के बाद पाकिस्तान (Pakistan) को बैकफुट पर आना पड़ा है। पाकिस्तान ने अपनी हिरासत में लिए गए बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) के जवान पूर्णम साहू को भारत को वापस सौंप दिया है। पाकिस्तान की कैद में 20 दिन से अधिक समय बिताने के बाद पूर्णम साहू अटारी बॉर्डर के रास्ते स्वदेश लौट आए हैं।
पाकिस्तान ने उन्हें पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के ठीक एक दिन बाद हिरासत में लिया था। इस घटना के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया था। भारत ने पाकिस्तान को करारा जवाब देने के लिए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ शुरू किया, जिसने पाकिस्तान पर दबाव बनाने का काम किया। इस पूरे घटनाक्रम के बीच पूर्णम साहू का परिवार उनकी सुरक्षित वापसी का बेसब्री से इंतजार कर रहा था।
40 वर्षीय पूर्णम साहू 23 अप्रैल को अनजाने में अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर गए थे। वह पंजाब के फिरोजपुर सेक्टर में BSF की 182वीं बटालियन में तैनात थे और घटना के वक्त वर्दी में थे। उनके पास उनकी सर्विस राइफल भी मौजूद थी। BSF अधिकारियों के अनुसार, साहू सीमा के पास किसानों के एक समूह की रक्षा के लिए उनके साथ थे, जब यह घटना हुई। वे एक पेड़ के नीचे आराम करने के लिए गए और अनजाने में पाकिस्तानी क्षेत्र में प्रवेश कर गए, जहाँ उन्हें तुरंत पाकिस्तान रेंजर्स ने पकड़ लिया।
इस घटना को लेकर दोनों देशों के बीच राजनयिक स्तर पर भी बातचीत हुई। भारत के सख्त रुख और ऑपरेशन सिंदूर के दबाव के चलते अंततः पाकिस्तान को जवान को रिहा करना पड़ा।




