बिहार चुनाव: जहानाबाद में झड़प में 4 घायल, बगहा-रोहतास-बांका में वोट बहिष्कार; सुबह 11 बजे तक 31.38% मतदान

By : dineshakula, Last Updated : November 11, 2025 | 12:46 pm

पटना : बिहार विधानसभा चुनाव (Bihar elections) के दूसरे और आखिरी चरण में मंगलवार को मतदान जारी है। 20 जिलों की 122 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। चुनाव आयोग के अनुसार सुबह 11 बजे तक कुल 31.38% मतदान दर्ज किया गया है, जो पहले चरण की तुलना में करीब 3 प्रतिशत अधिक है।

वोटिंग के बीच जहानाबाद में हिंसा की खबर सामने आई है। यहां बूथ संख्या 220 पर दो राजनीतिक गुटों के बीच झड़प हो गई, जिसमें चार लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि वोट डालने को लेकर विवाद बढ़ा, जिसके बाद दोनों पक्षों में हाथापाई हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में लिया और मतदान फिर से शुरू कराया।

दूसरी ओर, बगहा, बांका और रोहतास में मतदाताओं ने वोट का बहिष्कार किया है। बगहा के करीब 15 हजार मतदाताओं ने पानी, सड़क और पुल की मांग को लेकर मतदान नहीं करने का फैसला लिया। बांका और रोहतास में भी ग्रामीणों ने स्थानीय विकास कार्यों की अनदेखी के विरोध में मतदान से दूरी बनाई।

दूसरे चरण में कुल 1302 उम्मीदवारों की किस्मत 3.70 करोड़ मतदाता तय कर रहे हैं। इनमें 12 मंत्री भी मैदान में हैं। राज्य भर में 45,399 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 4,109 बूथ संवेदनशील घोषित किए गए हैं। संवेदनशील बूथों पर शाम 4 से 5 बजे तक वोटिंग होगी, जबकि अन्य जगहों पर शाम 6 बजे तक मतदान जारी रहेगा।

वहीं, कई जिलों से ईवीएम खराब होने की शिकायतें भी आई हैं। जमुई, बांका, किशनगंज और औरंगाबाद के कई बूथों पर मतदान में देरी हुई। जमुई के चकाई में बूथ नंबर 145 पर 4 घंटे बाद मतदान शुरू हुआ, जबकि बांका के कटोरिया में बूथ 76 पर डेढ़ घंटे की देरी हुई। किशनगंज और औरंगाबाद में भी ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की खराबी से वोटिंग बाधित रही।

नेपाल सीमा से लगे रक्सौल में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं और सीमा पर सघन चेकिंग की जा रही है। चुनाव के नतीजे 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।