सचिन तेंदुलकर परिवार का सीक्रेट बिलासपुर दौरा: आदिवासी गांव पहुंचकर बच्चों संग बिताया समय, स्वास्थ्य सेवाओं का लिया जायजा

By : hashtagu, Last Updated : April 8, 2026 | 7:35 pm

बिलासपुर: Sachin Tendulkar के परिवार का बिलासपुर में एक गोपनीय दौरा सामने आया है। मंगलवार सुबह करीब साढ़े 5 बजे उनका परिवार शहर पहुंचा और बिना किसी सार्वजनिक सूचना के ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उनकी पत्नी डॉ. अंजलि तेंदुलकर, बेटी सारा और बहू सानिया चंडोक तेंदुलकर ने ग्रामीणों से मुलाकात की।

दोपहर में परिवार का काफिला लोरमी के अचानकमार क्षेत्र के छपरवा-बम्हनी गांव पहुंचा, जहां तीनों ने पैदल घूमकर ग्रामीणों से बातचीत की और उनकी जीवनशैली को करीब से समझने की कोशिश की। गांव में बच्चों के साथ समय बिताना, उन्हें खिलौने देना और नवजात शिशु को गोद में लेकर स्नेह जताना इस दौरे की खास झलक रही।

परिवार ने Sachin Tendulkar Foundation के तहत चल रहे कार्यों का भी निरीक्षण किया। ग्रामीणों से बातचीत के दौरान उनकी जरूरतों, समस्याओं और जीवन परिस्थितियों को समझने पर खास ध्यान दिया गया, जिससे यह दौरा केवल औपचारिक नहीं बल्कि जमीनी जुड़ाव का प्रयास नजर आया।

बुधवार सुबह नाश्ते के बाद परिवार गनियारी प्राइमरी हेल्थ सेंटर पहुंचा, जहां स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया गया। फुलवारी केंद्र का निरीक्षण किया गया और डॉक्टरों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।

ग्रामीणों के मुताबिक, गनियारी जन स्वास्थ्य समिति वनांचल के कई गांवों में मुफ्त स्वास्थ्य और शिक्षा कार्यक्रम चलाती है। तेंदुलकर परिवार ने बम्हनी गांव के जनस्वास्थ्य उपकेंद्र और बालवाड़ी का भी दौरा किया, जहां बच्चों के रहन-सहन, पोषण और शिक्षा की स्थिति को करीब से देखा।

इस दौरान ग्रामीण महिलाओं ने पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया और स्थानीय लोगों ने उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। सारा तेंदुलकर एक आदिवासी बच्चे को गोद में लेकर प्यार जताती नजर आईं। दौरे के दौरान परिवार ने वनांचल के ग्रामीण जीवन और स्वास्थ्य से जुड़ी अहम जानकारी भी जुटाई।