छत्तीसगढ़ शराब घोटाला: सौम्या चौरसिया और KK श्रीवास्तव जेल से रिहा, बोले—दोस्ती गुनाह नहीं

By : hashtagu, Last Updated : April 8, 2026 | 10:39 pm

रायपुर: छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) के चर्चित शराब घोटाला (Liquor Scam) मामले में जेल में बंद सौम्या चौरसिया और केके श्रीवास्तव को जमानत (Bail) के बाद रिहाई (Release) मिल गई है। हाईकोर्ट ने पहले ही सौम्या चौरसिया को जमानत देते हुए शर्त रखी थी कि चालान पेश होने के दिन उन्हें रिहा किया जाएगा, जो अब पूरी हो गई है।

आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) ने बुधवार को रायपुर की विशेष अदालत में करीब 1500 पन्नों का आठवां पूरक चालान पेश किया। इस चालान में घोटाले के दौरान तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की उपसचिव रहीं सौम्या चौरसिया, तांत्रिक केके श्रीवास्तव और देवेंद्र डडसेना की भूमिका का जिक्र किया गया है।

जेल से बाहर आने के बाद केके श्रीवास्तव ने कहा कि मामला अभी कोर्ट में विचाराधीन है, इसलिए ज्यादा टिप्पणी करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि उनके भूपेश बघेल से पुराने संबंध रहे हैं, लेकिन वर्तमान में कोई संबंध नहीं है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि उनके भाजपा नेताओं से भी संबंध रहे हैं और किसी व्यक्ति से दोस्ती करना गुनाह नहीं है।

केके श्रीवास्तव ने अपनी दाढ़ी और बाल बढ़ाने को लेकर भी सफाई दी। उन्होंने कहा कि कुंभ मेले के बाद उन्होंने ऐसा किया और इसका तांत्रिक होने से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि पूजा-पाठ करना गलत नहीं है और उन्हें किसी कार्रवाई का डर नहीं है क्योंकि उन्होंने कोई अपराध नहीं किया।

रिहाई के बाद केके श्रीवास्तव लग्जरी कार से रवाना हो गए। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है और जांच एजेंसियों की कार्रवाई पर सबकी नजर बनी हुई है।