संघर्ष से सफलता तक: यशस्वी जायसवाल ने पिता को गिफ्ट की लग्जरी SUV, भावुक कर देगी यह कहानी
By : hashtagu, Last Updated : June 22, 2026 | 8:28 pm
मुंबई। अफगानिस्तान के खिलाफ चेन्नई में शानदार शतक लगाने के बाद भारतीय क्रिकेटर यशस्वी जायसवाल ने फादर्स डे (Father’s Day) को बेहद खास अंदाज में मनाया। उन्होंने अपने पिता को लग्जरी एसयूवी (Luxury SUV) गिफ्ट कर उनके संघर्ष, त्याग और समर्थन के प्रति आभार व्यक्त किया। यशस्वी का यह भावुक कदम सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और क्रिकेट प्रशंसकों का दिल जीत लिया।
राजस्थान रॉयल्स ने इस खास मौके की तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “यह फादर्स डे का तोहफा मेहनत, प्रतिभा और बड़े सपनों की ताकत से मिला है।” टीम के स्टार बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने अपने पिता को मर्सिडीज-बेंज एसयूवी भेंट की, जिससे उनके क्रिकेट करियर की बड़ी उपलब्धि एक भावनात्मक पारिवारिक पल में बदल गई।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस लग्जरी कार की कीमत करीब 60 लाख रुपये है। यशस्वी ने यह उपहार अपने परिवार द्वारा किए गए उन त्यागों और संघर्षों को समर्पित किया है, जिनकी बदौलत वह एक साधारण पृष्ठभूमि से निकलकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट तक पहुंचे।
सामने आई तस्वीर में यशस्वी अपने माता-पिता के साथ नई काली मर्सिडीज-बेंज एसयूवी के पास खड़े दिखाई दे रहे हैं। कार को बड़े लाल रिबन से सजाया गया था, जिससे यह पल और भी खास बन गया। परिवार के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी।
यशस्वी जायसवाल की सफलता की कहानी भारतीय क्रिकेट में प्रेरणा का उदाहरण मानी जाती है। कठिन परिस्थितियों में संघर्ष करते हुए उन्होंने अपने सपनों को साकार किया और आज टीम इंडिया के उभरते हुए सितारों में गिने जाते हैं। पिता को दिया गया यह खास तोहफा उनकी सफलता के पीछे परिवार के योगदान को सम्मान देने का प्रतीक माना जा रहा है।




