नकटी गांव में 85 मकान तोड़े जाने पर कांग्रेस का प्रदेशव्यापी आंदोलन, सीएम विष्णुदेव साय का पुतला दहन करेगी पार्टी

By : hashtagu, Last Updated : July 3, 2026 | 11:38 am

रायपुर: रायपुर जिले के नकटी गांव (Nakti village) में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान 85 मकान तोड़े जाने के विरोध में कांग्रेस ने प्रदेशव्यापी (Statewide) आंदोलन (Protest) का ऐलान किया है। पार्टी ने मुख्यमंत्री (Chief Minister) विष्णुदेव साय का पूरे प्रदेश में पुतला दहन (Effigy Burning) करने का फैसला लिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने सभी जिला प्रभारियों और संगठन के पदाधिकारियों को आंदोलन की तैयारी के निर्देश दिए हैं।

कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा सरकार ने बरसात के मौसम में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कर दर्जनों गरीब परिवारों को बेघर कर दिया। पार्टी का कहना है कि बारिश के बीच लोगों के आशियाने उजाड़ना अमानवीय कदम है, जिससे प्रभावित परिवारों के सामने रहने और आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस नकटी गांव के प्रभावित परिवारों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर संघर्ष करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार गरीबों के घर तोड़ रही है, लेकिन उनके पुनर्वास और वैकल्पिक व्यवस्था को लेकर कोई गंभीर पहल नहीं की गई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को सड़क से लेकर सदन तक मजबूती से उठाएगी।

प्रदेश कांग्रेस के अनुसार, पार्टी के विधायकों ने भी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर नकटी गांव के प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग की है। पत्र में बिना समुचित पुनर्वास की व्यवस्था किए गरीबों के मकान तोड़ने की कार्रवाई पर आपत्ति जताई गई है और भविष्य में ऐसी कार्रवाई नहीं करने का आग्रह किया गया है।

कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि जब तक प्रभावित परिवारों को न्याय और उचित पुनर्वास नहीं मिलेगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। पार्टी ने सभी जिला और ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों को प्रदर्शन की तैयारी करने के निर्देश दिए हैं। कांग्रेस का कहना है कि जिला मुख्यालयों में होने वाले विरोध-प्रदर्शनों के जरिए सरकार पर दबाव बनाया जाएगा, ताकि प्रभावित परिवारों को राहत और न्याय मिल सके।