छत्तीसगढ़ दौरे पर अमित शाह, रायपुर पहुंचे गृहमंत्री; बस्तर में सुरक्षा-विकास एजेंडे पर फोकस
By : hashtagu, Last Updated : May 17, 2026 | 9:32 pm
रायपुर: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह (Amit Shah) रविवार रात तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर रायपुर पहुंचे। उनका विमान रात करीब 8:15 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचा, जहां भाजपा नेताओं और प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट से शाह सीधे मेफेयर रिसॉर्ट रवाना हुए, जहां वे आज रात रुकेंगे। अमित शाह 17, 18 और 19 मई तक छत्तीसगढ़ में अलग-अलग कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इस दौरे में उनका मुख्य फोकस सुरक्षा व्यवस्था (Security), बस्तर में विकास कार्यों (Development Works), जनसुविधाओं के विस्तार और मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक पर रहेगा।
सोमवार सुबह अमित शाह राजधानी रायपुर स्थित पुलिस ट्रेनिंग स्कूल पहुंचेंगे। यहां वे सुबह 10:40 बजे डायल-112 सेवा के लिए शामिल किए गए 400 नए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। राज्य सरकार की यह बड़ी योजना पुलिस रिस्पॉन्स सिस्टम को मजबूत करने के उद्देश्य से शुरू की जा रही है। अब तक डायल-112 सेवा प्रदेश के 16 जिलों तक सीमित थी, लेकिन नई व्यवस्था के बाद इसे पूरे छत्तीसगढ़ में लागू किया जाएगा। डिप्टी सीएम विजय शर्मा पहले ही कह चुके हैं कि प्रदेश के सभी थानों तक डायल-112 सेवा की पहुंच सुनिश्चित की जाएगी ताकि आपातकालीन स्थिति में पुलिस सहायता तेजी से उपलब्ध हो सके।
इस दौरान राज्य सरकार अपराध जांच व्यवस्था को तकनीकी रूप से मजबूत करने के लिए सभी 33 जिलों में आधुनिक मोबाइल फॉरेंसिक यूनिट्स (Mobile Forensic Units) भी शुरू करेगी। इन वाहनों में अत्याधुनिक फॉरेंसिक उपकरण लगाए गए हैं, जिनकी मदद से घटनास्थल पर ही शुरुआती वैज्ञानिक जांच की जा सकेगी। इससे अपराध जांच प्रक्रिया में तेजी और पारदर्शिता आने की उम्मीद जताई जा रही है।
रायपुर कार्यक्रम के बाद अमित शाह सुबह 11:05 बजे विशेष विमान से जगदलपुर रवाना होंगे। करीब 11:50 बजे उनका विमान मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट पहुंचेगा। इसके बाद वे बीएसएफ हेलीकॉप्टर से बस्तर जिले के नेतानार जाएंगे। नेतानार में दोपहर 12:20 बजे जन सुविधा केंद्र का उद्घाटन करेंगे। यह केंद्र ग्रामीणों को सरकारी और प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
नेतानार दौरे के बाद अमित शाह जगदलपुर स्थित अमर वाटिका पहुंचेंगे, जहां वे नक्सल विरोधी अभियानों में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि देंगे। इसके बाद वे जगदलपुर के होटल ग्रैंड एम्बिशन और बादल एकेडमी में अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और विभागीय अफसरों के साथ बैठक करेंगे। इन बैठकों में बस्तर क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा, पुनर्वास और कनेक्टिविटी से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होगी।
शाम के समय अमित शाह भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वे ‘बस्तर के संग’ नाम से आयोजित लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होंगे, जहां बस्तर की पारंपरिक लोक कला, संस्कृति और नृत्य प्रस्तुत किए जाएंगे। कार्यक्रम के बाद वे जगदलपुर में ही रात्रि विश्राम करेंगे।
दौरे के तीसरे दिन यानी 19 मई को जगदलपुर में मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक आयोजित होगी। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह करेंगे। इसमें चार राज्यों के मुख्यमंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और प्रशासनिक प्रतिनिधि शामिल होंगे। बैठक में अंतरराज्यीय समन्वय, नक्सल प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति, क्षेत्रीय विकास, सुरक्षा रणनीति और प्रशासनिक सहयोग जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
बैठक के बाद अमित शाह प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे, जिसमें वे सुरक्षा, विकास और परिषद की बैठक से जुड़े फैसलों की जानकारी साझा कर सकते हैं। इसके बाद वे विशेष विमान से दिल्ली रवाना होंगे। अमित शाह के इस दौरे को छत्तीसगढ़ और विशेष रूप से बस्तर क्षेत्र के लिए काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि इसमें सुरक्षा और विकास दोनों एजेंडों को समान प्राथमिकता दी जा रही है।




