भूपेश बघेल भी भारत जोड़ो यात्रा समापन समारोह में शामिल होने के लिए रवाना

By : madhukar dubey, Last Updated : January 29, 2023 | 4:42 pm

रायपुर। भारत जोड़ो यात्रा (Bharat Jodo Yatra)अब अपने अंतिम पड़ाव की ओर है। कल श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर स्टेडियम में एक बड़ी रैली होनी है। इसमें सभी 23 विपक्षी दलों को भी आमंत्रित किया गया है। इसकी शिरकत करने के लिए आज मुख्यमंत्री भूपेश बघेल रवाना हो गए।
रायपुर एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भारत जोड़ो यात्रा की विस्तार से जानकारी दी। सात सितम्बर से शुरू हुई भारत जोड़ो यात्रा का कल समापन हो रहा है। पूरे देश भर के नेता श्रीनगर पहुंच रहे हैं। मैं भी उसमें शामिल होने जा रहा हूं। बताया जा रहा है कि कांग्रेस के और भी कई नेता श्रीनगर पहुंच रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव, प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम, सांसद फूलोदेवी नेताम, विधायक देवेंद्र यादव सहित कई नेता भारत जोड़ो यात्रा के लिए श्रीनगर पहुंचे हुए हैं।

तमिलनाडु के कन्या कुमारी से शुरू हुई थी यात्रा

राहुल गांधी ने सात सितम्बर 2022 को तमिलनाडू के कन्याकुमारी से भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत की थी। उस दिन की जनसभा में भी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मौजूद थे। पहले दिन बघेल और तमिलनाडू के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने राहुल गांधी को राष्ट्रीय ध्वज सौंपा था। तमिलनाडू से केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश होते हुए जम्मू-कश्मीर तक इस यात्रा को पहुंचने में पांच महीने लगे हैं।