भगवा रंग के विवाद की फिल्म में अब CM भूपेश की दहाड़!

By : madhukar dubey, Last Updated : December 17, 2022 | 6:52 pm

छत्तीसगढ़। इस समय पूरे देश में भगवा रंग को लेकर विवाद चल रहा है। ये मामला पठान फिल्म (pathan movie) से शुरू हुई। इसी बीच उठे इस विवाद की सोशल मीडिया पर चल रही फिल्म में आज छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री (Bhupesh) भूपेश बघेल गरजे। उन्होंने भगवा रंग के पहनावे के सवाल पर आरएसएस और बजरंग दल पर दागे। उन्होंने कहा भगवा रंग तो त्याग और बलिदान का रंग है। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल वाले जो भगवा पहनकर घूम रहे हैं, उन्होंने कौन सा त्याग किया है।

भगवा विवाद पर पूछे गए एक सवाल पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, “भगवा रंग जो है वह यज्ञ की अग्नि की ज्वाला का रंग है। वह पवित्र है। वह त्याग और बलिदान का रंग है। विश्व हिंदू परिषद-विहिप और बजरंग दल वाले जो भगवा पहनकर घूम रहे हैं, उन्होंने कौन सा त्याग किया है। रंग किसी का होता है क्या।

ये लोग केवल इसके नाम पर समाज में घृणा फैला रहे हैं।’ शाहरुख खान, दीपिका पादुकोण और जॉन अब्राहम स्टारर फिल्म पठान २५ जनवरी को रिलीज होने जा रही है। इससे पहले फिल्म का एक गाना रिलीज हुआ है, जिस गीत के एक हिस्से में दीपिका पादुकोण ने भगवा रंग का स्वीमसूट भी पहना है। इस ड्रेस को लेकर पूरी फिल्म और अभिनेता-अभिनेत्रियां दक्षिणपंथी राजनीतिक-सामाजिक संगठनों के निशाने पर हैं। छत्तीसगढ़ में भी शिव सेना ने सिनेमा हाल संचालकों को धमकी दी है।

शिवसेना ने चेतावनी भरे लहजे में दी है चेतावनी

उधर शिवसेना ने इस फिल्म के गाने और दीपिका पादुकोण के पहने कपड़ों पर आपत्ति जताई है। चेतावनी भरे लहजे में शिवसेना छत्तीसगढ़ ने एक लेटर जारी किया है, बात न माने जाने पर खुद कार्रवाई करने की बात कही गई है। शिवसेना छत्तीसगढ़ संगठन के प्रदेश महासचिव सुनील कुकरेजा ने एक खत, फिल्म के मेकर्स, सिनेमा हॉल संचालकों और मल्टीप्लेक्स मैनेजमेंट वालों को भेजा है। कहा, हमें बेशर्म रंग गाने पर आपत्ति है, इसमें अश्लीलता फैलाई जा रही है। इस गाने को हटाकर ही हम ये फिल्म रिलीज होने देंगे। अगर ऐसा नहीं किया जाता तो यहां ये फिल्म लगने नहीं दी जाएगी हम इसकी अपील भी कर रहे हैं।