जनदर्शन में साय की संवदेनशीलता : 5 घंटे सुनीं समस्याएं ! वर्षों बाद आमजन के लिए खुले मुख्यमंत्री के दरवाजे

By : hashtagu, Last Updated : June 27, 2024 | 7:59 pm

रायपुर, 27 जून 2024/मुख्यमंत्री विष्णु देव साय (Chief Minister Vishnu Dev Sai) का राज्य की जनता को स्वच्छ, पारदर्शी, संवेदनशील एवं प्रभावी प्रशासन मुहैया कराने का संकल्प एक-एक कर अमल में दिखाई देने लगा है। सत्ता की बागड़ोर सम्भालने के बाद से ही शासन-प्रशासन को जनता के करीब लाने की मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की इच्छा आज जनदर्शन में पूरी होती दिखी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राज्य में जनसमस्याओं की सुनवाई के लिए नये सिरे से जनदर्शन कार्यक्रम की शुरूआत की है। जनदर्शन का यह कार्यक्रम (Program of public darshan) मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में 27 जून गुरूवार को आयोजित हुआ। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जनदर्शन कार्यक्रम में प्रदेश के दूर-दराज से आए हजारों लोगों से एक-एक कर मुलाकात की। बड़े ही अपनत्व भाव से उन्होंने आम जनमानस की समस्याएं और उनकी अपेक्षाएं सुनी और विभागीय अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों को तत्परता से निपटाने के निर्देश दिए।

आज 27 जून को मुख्यमंत्री जनदर्शन का पहला कार्यक्रम हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में लोग अपने आवेदनों और समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री साय से मिलने रायपुर स्थित उनके कार्यालय पहुंचे थे। जनदर्शन का समय पूर्वान्ह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक निर्धारित था, परन्तु कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनसामान्य की मौजूदगी को देखते हुए मुख्यमंत्री ने न सिर्फ जनदर्शन कार्यक्रम की निर्धारित समयावधि को बढ़ाया, बल्कि स्वयं कार्यक्रम में यह बात कही कि लोगों को परेशान होने की जरूरत नहीं है, यहां आए प्रत्येक व्यक्ति से वह मिलेंगे और उनकी समस्याओं और अपेक्षाओं को सुनेंगे। यही वजह है कि मुख्यमंत्री जनदर्शन का यह कार्यक्रम पूर्वान्ह 11 बजे से अपरान्ह 4 बजे तक अनवरत पांच घंटे चला। मुख्यमंत्री  साय इस दौरान सभी आयु वर्ग के लोगों से एक-एक कर उनकी समस्याएं सुनी।

मुख्यमंत्री साय का लोगों के प्रति अपनेपन का भाव एवं संवेदनशीलता ने जनमानस की शासन-प्रशासन से दूरी को मिटा दिया है। जनदर्शन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री एक ओर जहां विभिन्न बीमारियों से पीड़ित लोगों के समुचित इलाज और मदद के लिए अधिकारियों को निर्देश देते दिखे, वहीं दिव्यांग और निशक्तजनों के बीच पहुंचकर न सिर्फ उनकी समस्याएं सुनी, बल्कि उन्हें आवश्यक उपकरण, ट्राईसायकल आदि की सौगातें दी। मुख्यमंत्री इस दौरान उच्च शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए इच्छुक युवाओं के लिए भी आवश्यक प्रबंध करने के लिए तत्परता से अधिकारियों को निर्देशित करते दिखे।

जनदर्शन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उन्हें अपनी समस्याएं बताने को लेकर लोग काफी उत्साहित थे। भारी उमस और गर्मी के बावजूद भी जनदर्शन स्थल लोगों से खचाखच भरा था। मुख्यमंत्री से मिलकर अपनी समस्याओं की जानकारी देने के लिए लोग अपनी बारी का इंतजार करते दिखे। मुख्यमंत्री को आवेदन देने के बाद लोगों के मन में संतोष और चेहरे पर संतुष्टि का भाव देखने को मिला। जनदर्शन कार्यक्रम में डेढ़ हजार से अधिक लोगों ने मिलकर अपनी समस्याओं और अपेक्षाओं के संबंध में आवेदन दिया, जिसमें ज्यादातर आवेदन राजस्व, नगरीय निकाय, स्वास्थ्य, शिक्षा, निर्माण कार्य एवं स्वेच्छानुदान से संबंधित थे। जनदर्शन में मिले सभी आवेदनों को पंजीबद्ध किया गया है और आवेदन देने वाले लोगों को टोकन भी दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने ब्रेन सर्जरी के लिए तत्काल स्वीकृत किए डेढ़ लाख रूपए – जनदर्शन कार्यक्रम में दिव्यांगों को श्रवण यंत्र, ट्राईसायकल, सर्टिफिकेट एवं अन्य आवश्यक मदद मौके पर ही मुहैया कराई गई। बीमारी से पीड़ित लोगों के त्वरित इलाज का भी प्रबंध किया गया। धमतरी निवासी श्री अमित सोनी के ब्रेन सर्जरी के लिए मुख्यमंत्री ने डेढ़ लाख रूपए की मंजूरी देने के साथ ही वर्षा चांदवानी के इलाज के लिए 50 हजार रूपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत की।

वर्षों बाद आज आम लोगों के लिए फिर खुले मुख्यमंत्री के दरवाजे

  • सुशासन, पारदर्शिता और कामकाज की गति तेज करने के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की एक और पहल
  • साय ने हफ्ते का एक दिन कर दिया नागरिकों के नाम
  • जनदर्शन कार्यक्रम फिर शुरू, कोई भी कर सकेगा मुख्यमंत्री से सीधी मुलाकात
  • मुख्यमंत्री स्वयं लेते हैं आवेदन, कार्यक्रम स्थल पर ही अधिकारियों को देते हैं कार्यवाही के निर्देश
  • आवेदनों के रजिस्ट्रेशन के साथ-साथ पोर्टल के माध्यम से प्रगति की मॉनिटरिंग भी

वर्षों के लंबे अंतराल के बाद आज छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री-निवास के दरवाजे आज आम-नागरिकों के लिए पूरी तरह खुल गए। आज की ही तरह अब हर सप्ताह, गुरुवार के रोज, ये दरवाजे इसी तरह खुला करेंगे। इन खास दिनों में आम-औ-खास, कोई भी नागरिक, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात कर सकेगा।

दरअसल, मुख्यमंत्री की ही इच्छा के अनुरूप छत्तीसगढ़ शासन ने आज से एक खास कार्यक्रम- जनदर्शन का दोबारा आगाज कर दिया है। आम नागरिकों से सीधी मुलाकात और सीधे संवाद के इस कार्यक्रम का फार्मेट ऐसा है कि मुख्यमंत्री निवास में सहज वातावरण में लोग अपनी बातों को मुख्यमंत्री के सामने रख सकते हैं। वे अपनी शिकायतें, समस्याएं, अपेक्षाएं और सुझाव आसानी से मुख्यमंत्री तक पहुंचा सकते हैं। एक साधारण सी टेबल के एक ओर मुख्यमंत्री की कुर्सी होती है और दूसरी ओर फरियादी। आस-पास ही मुख्यमंत्री के सचिवालय के अधिकारियों सहित राज्य के वरिष्ठतम अधिकारी मुख्यमंत्री के निर्देशों के परिपालन के लिए मुस्तैद खड़े होते हैं। शिकायतों और सुझावों को बकायदा रजिस्टर्ड किया जाता है, नागरिकों को टोकन दिया जाता है, ताकि शासन द्वारा की जा रही कार्यवाही की मॉनिटरिंग की जा सके और आवेदक भी समय-समय पर प्रगति की जानकारी प्राप्त कर सके। इसके लिए बकायदा एक पोर्टल तैयार किया गया है, जिसमें टोकन नंबर दर्ज करते ही प्रगति की जानकारी आवेदक के सामने होती है।

आज जनदर्शन के पहले दिन मुख्यमंत्री से मुलाकात करने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। इनमें महिलाओं भी खासी संख्या में शामिल थीं। कार्यक्रम को लेकर जितना उत्साह नागरिकों में था, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय भी उतनी ही उत्सुकता और आत्मीयता के साथ उनसे मुलाकात करते नजर आए। आवेदकों से आवेदन लेने के साथ-साथ वे उनसे पारिवारिक ढंग से बातें भी करते नजर आए। महिलाओं ने जब महतारी वंदन योजना शुरू करने के लिए उन्हें धन्यवाद कहा तो श्री साय ने भी मुस्कुराते हुए विनम्रता से तुरंत आभार व्यक्त किया। आवेदकों के साथ आए बच्चों के साथ उन्होंने अभिभावक की तरह घुल-मिल कर बातें की।

कार्यक्रम में सहायता की आस लेकर कई दिव्यांग भी पहुंचे थे, इन सभी दिव्यांगों की उम्मीदें पूरी हुईं, मुख्यमंत्री ने संवेदनशीलता दिखाते हुए उन्हें तत्काल ट्रायसायकल और अन्य सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। एक महिला ने अपने कैंसर पीड़ित पति के इलाज के लिए सहायता मांगी, तो मुख्यमंत्री श्री साय ने उन्हें आश्वस्त किया कि उन्हें हर जरूरी सहायता दी जाएगी।

वर्ष 2018 से पहले तत्कालीन सरकार के कार्यकाल में यह कार्यक्रम इसी नाम से संचालित था। मुख्यमंत्री की इच्छा थी, इसे दोबारा शुरू किया जाए, ताकि उनसे मिलने के इच्छुक ज्यादा से ज्यादा लोगों से मुलाकात की जा सके। मुख्यमंत्री ने इस कार्यक्रम को राज्य में सुशासन स्थापित करने और कामकाज में पारदर्शिता तथा तेजी लाने के लिए भी महत्वपूर्ण माना है। आज कार्यक्रम के पहले दिन लोगों से बात करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा- हम यह सुनिश्चित करने की कोशिश करेंगे कि आम नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों का समाधान समय-सीमा में हो सके।

यह भी पढ़ें : तत्वरित निराकरण करने में ‘CM विष्णुदेव साय’ दिखे एक्शन मोड में…. एक झलक ‘तस्वीरों’ में जिनकी पूरी हुईं मुरादें!

यह भी पढ़ें : लोगों को आवेदन पर कार्यवाही की जानकारी ऑनलाइन जनदर्शन पोर्टल पर मिलेगी! पहुंचे महंत स्वामी अनुसुइया दास 

यह भी पढ़ें : जनदर्शन में आम जनता से मिले आवेदन होंगे पंजीबद्ध, मुख्यमंत्री स्वंय करेंगे मॉनिटरिंग! हजाराें लोग की हुई सुनवाई

यह भी पढ़ें : छत्तीसगढ़ की पहली जेसीबी वूमेन से विष्णुदेव साय ने कहा जापान जाने सामान पैक कर लीजिए, हम आपको भेजेंगे टोक्यो