छतरपुर, मध्य प्रदेश, 12 फरवरी 2026: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले (Chhatarpur) में अवैध खनन के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर पार्थ जैसवाल ने मेसर्स स्वास्तिक इंटरप्राइजेज की सीमा खरे पर 8 करोड़ 64 लाख रुपये से अधिक का भारी जुर्माना लगाया है।
जांच में सामने आया कि संबंधित फर्म द्वारा स्वीकृत खनन पट्टे की सीमा से बाहर जाकर ग्रेनाइट का अवैध उत्खनन किया गया। बताया गया है कि करीब 40 प्रतिशत अतिरिक्त क्षेत्र में खुदाई की गई और लगभग 2880 घन मीटर ग्रेनाइट का अवैध रूप से खनन कर विक्रय किया गया।
प्रशासन के अनुसार यह कार्रवाई मध्य प्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन एवं भण्डारण का निवारण) नियम, 2022 के तहत की गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
