जनसंख्या बढ़ाने के लिए आंध्र सरकार का बड़ा ऐलान, तीसरे बच्चे पर ₹30 हजार और चौथे पर ₹40 हजार मिलेंगे

By : hashtagu, Last Updated : May 17, 2026 | 3:44 pm

श्रीकाकुलम: आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने राज्य में घटती जनसंख्या (Population Decline) और कम होती जन्म दर (Birth Rate) को लेकर बड़ा ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अब राज्य सरकार तीसरे बच्चे (Third Child) के जन्म पर 30 हजार रुपये और चौथे बच्चे (Fourth Child) के जन्म पर 40 हजार रुपये की economic सहायता देगी। यह घोषणा उन्होंने श्रीकाकुलम जिले के नरसन्नापेटा में एक जनसभा के दौरान की।

चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि पहले उन्होंने परिवार नियोजन को बढ़ावा दिया था, लेकिन अब समय बदल चुका है और बच्चों ko बोझ नहीं बल्कि देश की संपत्ति माना जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज को अब जन्म दर बढ़ाने के लिए मिलकर काम करना होगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार जल्द ही इस योजना की पूरी जानकारी जारी करेगी।

नायडू ने कहा कि राज्य में तेजी से जन्म दर घट रही है। कई परिवार अब केवल एक बच्चा ही पैदा कर रहे हैं, जबकि कुछ परिवार दूसरा बच्चा भी तभी चाहते हैं जब पहला बच्चा लड़की हो। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर यही स्थिति जारी रही तो आने वाले समय में राज्य में बुजुर्गों की संख्या तेजी से बढ़ जाएगी और इसका असर अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी समाज की जनसंख्या स्थिर बनाए रखने के लिए कुल प्रजनन दर यानी टोटल फर्टिलिटी रेट (TFR) 2.1 होना जरूरी है। उन्होंने जापान और दक्षिण कोरिया जैसे देशों का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां घटती आबादी और बढ़ती बुजुर्ग आबादी के कारण आर्थिक समस्याएं पैदा हो चुकी हैं और भारत को ऐसी गलती नहीं दोहरानी चाहिए।

इससे पहले आंध्र प्रदेश सरकार दूसरे बच्चे के जन्म पर 25 हजार रुपये देने की योजना पर भी काम कर रही थी। अब सरकार ने इसे आगे बढ़ाते हुए तीसरे और चौथे बच्चे तक प्रोत्साहन राशि देने का फैसला लिया है। स्वास्थ्य मंत्री सत्य कुमार यादव ने भी कहा कि सरकार जल्द नई जनसंख्या नीति को लागू करेगी।

मुख्यमंत्री के इस फैसले पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी शुरू हो गई हैं। विपक्षी दलों ने इसे आगामी परिसीमन और जनसंख्या संतुलन की राजनीति से जोड़कर सवाल उठाए हैं। हालांकि सरकार का कहना है कि यह फैसला राज्य के भविष्य और आर्थिक संतुलन को ध्यान में रखकर लिया गया है।