राहुल गांधी ने महाराष्ट्र में किसानों की आत्महत्या को लेकर पूछे सवाल, अमित मालवीय ने दिया करारा जवाब

By : dineshakula, Last Updated : July 3, 2025 | 1:45 pm

नई दिल्ली। महाराष्ट्र विधानसभा के बाहर विपक्षी दलों ने किसानों की आत्महत्या के मामले में प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन 767 किसानों की आत्महत्या को लेकर किया गया था। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने एक्स (Twitter) पर एक पोस्ट के जरिए सरकार से कुछ सवाल पूछे, जिनका जवाब भाजपा आईटी सेल के हेड अमित मालवीय ने दिया।

मालवीय ने राहुल गांधी के पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, “मृतकों की गिनती की राजनीति घिनौनी होती है, लेकिन राहुल गांधी जैसे लोगों को आईना दिखाना जरूरी होता है।” इसके साथ ही उन्होंने एक इन्फोग्राफिक शेयर किया, जिसमें राहुल गांधी और शरद पवार की तस्वीरें थीं और सवाल किया गया, “पहले ये बताएं कि महाराष्ट्र में कांग्रेस-एनसीपी (शरद पवार) सरकार के 15 सालों में 55,928 किसानों ने आत्महत्या क्यों की?” इस इन्फोग्राफिक में कांग्रेस-एनसीपी के पिछले 15 वर्षों के कार्यकाल में किसानों की आत्महत्याओं की पूरी जानकारी दी गई थी। पोस्ट के अंत में यह भी लिखा था, “अब भाजपा-महायुति सरकार किसानों के हित में कार्यरत है।”

इससे पहले राहुल गांधी ने एक्स पोस्ट पर किसानों की आत्महत्या का मुद्दा उठाते हुए प्रदेश और केंद्र सरकार को कठघरे में खड़ा किया था। उन्होंने लिखा था, “सोचिए, सिर्फ 3 महीनों में महाराष्ट्र में 767 किसानों ने आत्महत्या कर ली। क्या ये सिर्फ एक आंकड़ा है? नहीं। ये 767 उजड़े हुए घर हैं। 767 परिवार जो कभी नहीं संभल पाएंगे। और सरकार? चुप है। बेरुखी से देख रही है। किसान हर दिन कर्ज में और गहराई तक डूब रहा है – बीज महंगे हैं, खाद महंगी है, डीजल महंगा है। लेकिन एमएसपी की कोई गारंटी नहीं। जब वो कर्ज माफी की मांग करते हैं, तो उन्हें नजरअंदाज कर दिया जाता है। लेकिन जिनके पास करोड़ों हैं, उनके लोन मोदी सरकार आराम से माफ कर देती है। सिस्टम किसानों को मार रहा है – चुपचाप।”

इस मुद्दे पर चर्चा तेज हो गई है और कांग्रेस और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला जारी है।