राजनाथ सिंह ने नामांकन से पहले भगवान शिव का किया जलाभिषेक

By : hashtagu, Last Updated : April 29, 2024 | 12:30 pm

लखनऊ, 29 अप्रैल (आईएएनएस)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (Rajnath Singh) ने नामांकन भरने से पहले लखनऊ में हनुमान सेतु मंदिर में पूजा की। उन्होंने भगवान शिव का जलाभिषेक किया और हनुमान मंदिर में दर्शन किए।

यहां से वह पार्टी रथ पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व अन्य नेताओं के साथ नामांकन के लिए रवाना होंगे। नामांकन से पहले जुलूस भी निकाला जाएगा।

इस दौरान मोहनलालगंज से भाजपा प्रत्याशी कौशल किशोर भी मौजूद रहेंगे और अपना नामांकन दाखिल करेंगे।

सोमवार सुबह से ही लखनऊ में पार्टी कार्यालय के बाहर समर्थकों का हुजूम देखने को मिला। ढोल नगाड़े के साथ लोग जुलूस में शामिल होने के लिए उत्साहित नजर आ रहे हैं।

मुस्लिम महिलाएं भी स्वागत के लिए पहुंची।

लखनऊ संसदीय सीट से नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए रविवार रात रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह लखनऊ पहुंचे।

राजनाथ सिंह ने लखनऊ सीट से किया नामांकन, रोड शो में उमड़ा जनसैलाब

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को लखनऊ लोकसभा सीट के लिए अपना नामांकन दाखिल कर दिया। उनके साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद थे। इससे पहले भाजपा राज्य मुख्यालय से जिला कलेक्ट्रेट तक एक प्रभावशाली रोड शो निकाला गया।

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और केशव मौर्य, राज्य भाजपा प्रमुख भूपेन्द्र चौधरी, राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा और सुधांशु त्रिवेदी भी ‘लखनऊ विकास यात्रा’ के रूप में डिजाइन किए गए रथ के ऊपर नजर आए।

इस जुलूस में शामिल होने के लिए लोगों का हुजूम उमड़ा। इस मौके पर लोगों ने पुष्प की वर्षा की।

नामांकन से पहले राजनाथ सिंह ने लखनऊ के हनुमान सेतु मंदिर में पूजा की। उन्होंने भगवान शिव का जलाभिषेक किया और हनुमान मंदिर में दर्शन किए।

मंदिर से सीधे हजरतगंज पहुंचे। वहां से रोड शो के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे और नामांकन दाखिल गया।

इसके पहले धामी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मैंने बदलता हुआ लखनऊ देखा है, आज यहां फ्लाईओवर हैं, मेट्रो है, हर तरह के पार्क हैं, सड़कें हैं, लाइटें हैं, गलियां हैं। लखनऊ का बहुत तेजी से विकास हुआ है। जो काम अटलजी के समय में शुरू हुआ था, उसको राजनाथ सिंह के नेतृत्व में आगे बढ़ाया गया है।