कोलकाता की लगातार चौथी जीत, फिन एलन के तूफानी शतक से दिल्ली प्लेऑफ की रेस से लगभग बाहर

By : hashtagu, Last Updated : May 8, 2026 | 11:00 pm

नई दिल्ली : इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए लगातार चौथी जीत दर्ज की। शुक्रवार को अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में कोलकाता ने दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) को 8 विकेट से हराकर प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखा। वहीं इस हार के बाद दिल्ली की टीम लगभग प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई है।

मैच में कोलकाता ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी (Bowling) करने का फैसला लिया। दिल्ली कैपिटल्स ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 142 रन बनाए। जवाब में कोलकाता ने सिर्फ 14.2 ओवर में 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

कोलकाता की जीत के सबसे बड़े हीरो ओपनर फिन एलन रहे। उन्होंने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए महज 47 गेंदों में नाबाद 100 रन बनाए। अपनी शतकीय पारी में उन्होंने 5 चौके और 10 छक्के लगाए। फिन एलन ने छक्का लगाकर अपना शतक पूरा किया और टीम को जीत भी दिलाई। उनके साथ कैमरन ग्रीन 33 रन बनाकर नाबाद लौटे।

143 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम ने सिर्फ 31 रन पर दो विकेट गंवा दिए थे। कप्तान अजिंक्य रहाणे 13 रन बनाकर आउट हुए, जबकि अंगकृष रघुवंशी सिर्फ 1 रन बना सके। इसके बाद फिन एलन और कैमरन ग्रीन ने मोर्चा संभाला और तीसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी कर मैच पूरी तरह कोलकाता के पक्ष में कर दिया।

इससे पहले दिल्ली की ओर से ओपनर पाथुम निसांका ने शानदार अर्धशतक लगाया। उन्होंने 29 गेंदों में 50 रन की तेज पारी खेली। वहीं आशुतोष शर्मा ने 39 रन का योगदान दिया। केएल राहुल ने 23 रन बनाए, लेकिन टीम बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सकी।

कोलकाता की गेंदबाजी भी शानदार रही। अनुकूल रॉय और कार्तिक त्यागी ने 2-2 विकेट लिए। वैभव अरोड़ा, सुनील नरेन और कैमरन ग्रीन को एक-एक सफलता मिली। दिल्ली का एक बल्लेबाज रनआउट भी हुआ।

लगातार चौथी जीत के बाद कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम अंक तालिका में मजबूत स्थिति में पहुंच गई है। वहीं दिल्ली कैपिटल्स को अब प्लेऑफ में पहुंचने के लिए बाकी टीमों के नतीजों पर निर्भर रहना पड़ेगा।