20 मिनट में 840 करोड़ की कमाई! ट्रंप के यू-टर्न से पहले रहस्यमयी सट्टा, बाजार में हड़कंप

By : hashtagu, Last Updated : March 24, 2026 | 2:44 pm

नई दिल्ली: ईरान युद्ध (Iran War) के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के अचानक फैसले बदलने (U-turn) से ठीक पहले शेयर बाजार (Stock Market) में एक रहस्यमयी सट्टा (Mystery Bet) लगाया गया, जिससे सिर्फ 20 मिनट में करीब 840 करोड़ रुपये का मुनाफा (Profit) होने की चर्चा है। इस घटना ने इनसाइडर ट्रेडिंग (Insider Trading) को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, यह ट्रेडिंग उस समय हुई जब ट्रंप ने ईरान पर हमले रोकने का फैसला लिया। इससे कुछ मिनट पहले ही ग्लोबल मार्केट में अचानक भारी खरीद-फरोख्त देखने को मिली। S&P 500 फ्यूचर्स में बड़ी मात्रा में खरीदारी हुई, जबकि ऑयल फ्यूचर्स में तेजी से बिकवाली की गई।

बताया गया कि न्यूयॉर्क समय के अनुसार सुबह करीब 6:50 बजे बाजार में अचानक असामान्य गतिविधि देखी गई, जो आमतौर पर शांत समय माना जाता है। इसके करीब 15 मिनट बाद ट्रंप ने सोशल मीडिया पर घोषणा की कि अमेरिका ईरान पर हमले रोक रहा है और कूटनीतिक रास्ता अपनाएगा।

इस ऐलान के बाद तेल की कीमतों में तेज गिरावट आई और शेयर बाजार में उछाल देखा गया। कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की गई, जबकि S&P फ्यूचर्स में तेजी आई।

विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की असामान्य ट्रेडिंग यह संकेत देती है कि कुछ लोगों को पहले से ही फैसले की जानकारी हो सकती थी। हालांकि व्हाइट हाउस ने इन आरोपों को खारिज कर दिया है।

ईरान युद्ध के दौरान ट्रंप के बार-बार बदलते रुख से वैश्विक बाजारों में अनिश्चितता बनी हुई है और निवेशकों के बीच चिंता का माहौल है।