तकनीकी खराबी से असफल हुआ EOS-09 सैटेलाइट मिशन, ISRO कर रहा जांच
By : dineshakula, Last Updated : May 18, 2025 | 10:18 am
नई दिल्ली: भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) की EOS-09 सैटेलाइट की लॉन्चिंग तकनीकी खराबी के चलते असफल हो गई है। इसरो के अनुसार, PSLV रॉकेट के तीसरे चरण में आई गड़बड़ी के कारण यह मिशन सफल नहीं हो सका। इसरो प्रमुख वी. नारायणन ने बताया कि दूसरे चरण तक सबकुछ सामान्य था, लेकिन तीसरे चरण में मोटर पूरी तरह से चालू हो जाने के बावजूद तकनीकी समस्या के कारण मिशन को पूरा नहीं किया जा सका। इसरो फिलहाल इस गड़बड़ी की वजह का विश्लेषण कर रहा है। नारायणन ने कहा कि हम जल्द ही इसकी जांच पूरी कर वापस लौटेंगे।
EOS-09 को देश की रिमोट सेंसिंग क्षमताओं को मजबूत करने के उद्देश्य से लॉन्च किया जा रहा था। यह सैटेलाइट विशेष रूप से आतंकवाद विरोधी अभियानों, घुसपैठ या संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी के लिए डिजाइन किया गया है। इसकी खासियत यह है कि यह बादलों के आर-पार देख सकता है और सतह तक साफ तस्वीरें लेने में सक्षम है। इस मिशन के जरिए इसरो ने श्रीहरिकोटा से 101वां प्रक्षेपण किया था, जिसे PSLV-C61 नाम दिया गया था।
लॉन्चिंग से पहले डॉ. डब्ल्यू सेल्वामूर्ति ने इसरो के वैज्ञानिकों, तकनीशियनों और अंतरिक्ष उद्योग से जुड़े सभी लोगों को बधाई दी थी। उन्होंने EOS-09 की अहमियत को रेखांकित करते हुए बताया कि यह उपग्रह कृषि, वानिकी, आपदा प्रबंधन, सामरिक और सैन्य क्षेत्रों में उपयोगी हो सकता है। उनका कहना था कि यह सैटेलाइट समूह पृथ्वी पर हो रहे बदलावों की निगरानी के लिए बेहद जरूरी है और सीमाओं की सुरक्षा में भी सहायक हो सकता है।




