Miss World 2025: थाईलैंड की ओपल सुचाता बनीं मिस वर्ल्ड, भारत की नंदिनी गुप्ता टॉप 8 से बाहर
By : dineshakula, Last Updated : June 1, 2025 | 12:25 am
हैदराबाद। 72वां मिस वर्ल्ड 2025 (Miss World) प्रतियोगिता शनिवार को हैदराबाद के हाईटेक्स एग्जीबिशन सेंटर में भव्यता के साथ संपन्न हुई। इस प्रतिष्ठित सौंदर्य प्रतियोगिता में थाईलैंड की 21 वर्षीय मॉडल ओपल सुचाता चुआंगस्री ने बाज़ी मारते हुए मिस वर्ल्ड 2025 का खिताब अपने नाम किया।
दुनियाभर के 108 देशों की प्रतिभागियों ने इस मुकाबले में हिस्सा लिया, लेकिन भारत की प्रतिनिधि नंदिनी गुप्ता टॉप 8 में जगह बनाने में असफल रहीं। इथियोपिया की हस्सेट डेरेजे अदमासु को इस प्रतियोगिता का रनर-अप घोषित किया गया।
हालांकि नंदिनी गुप्ता को मिस वर्ल्ड 2025 की प्रबल दावेदार माना जा रहा था, लेकिन अंतिम चरण तक पहुंचने में वह चूक गईं। इसके बावजूद उन्होंने प्रतियोगिता में आत्मविश्वास, आकर्षक व्यक्तित्व और सामाजिक मुद्दों की समझ के जरिए जजों और दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींचा।
नंदिनी की मुस्कान, शालीनता और बुद्धिमत्ता ने उन्हें भीड़ में सबसे अलग पहचान दी। यह पल उनके फैंस के लिए भावुक जरूर है, लेकिन नंदिनी ने भारत की संस्कृति और प्रतिभा को विश्व मंच पर प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
सोशल मीडिया पर नंदिनी के समर्थन में हजारों पोस्ट्स सामने आ रही हैं। फैंस का कहना है, “ताज भले ही न मिला हो, लेकिन हमारे दिलों की रानी नंदिनी ही हैं।”
कौन हैं नंदिनी गुप्ता?
नंदिनी गुप्ता का जन्म 13 सितंबर 2003 को राजस्थान के कोटा शहर में हुआ था। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा कोटा के सेंट पॉल सीनियर सेकेंडरी स्कूल से पूरी की। वर्तमान में वह मुंबई के लाला लाजपत राय कॉलेज से बिजनेस मैनेजमेंट में स्नातक की पढ़ाई कर रही हैं।
वर्ष 2023 में नंदिनी ने पहले फेमिना मिस राजस्थान का खिताब जीता और फिर फेमिना मिस इंडिया 2023 का ताज अपने नाम किया। उनकी यह यात्रा युवा भारतीयों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी हुई है।




