प्रेमानंद महाराज की तबीयत बिगड़ी, सुबह की पदयात्रा अनिश्चितकाल के लिए स्थगित
By : dineshakula, Last Updated : October 5, 2025 | 12:29 pm
वृंदावन, उत्तर प्रदेश: वृंदावन के प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज (Premchand Maharaj) की तबीयत को लेकर ताजा जानकारी सामने आई है। उनकी सेहत बिगड़ने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें फिलहाल पूरी तरह आराम करने की सलाह दी है।
महाराज लंबे समय से गुर्दे की बीमारी से पीड़ित हैं और नियमित डायलिसिस करवानी पड़ती है। बीते कुछ दिनों से उनकी तबीयत ठीक नहीं चल रही थी, जिस वजह से वह सुबह की अपनी नियमित पदयात्रा पर नहीं जा पा रहे थे।
उनके दर्शन को हर सुबह बड़ी संख्या में भक्त इंतज़ार करते हैं, लेकिन पिछले दो दिनों से उनके न आने पर भक्तों में चिंता का माहौल बन गया। भक्त बिना जानकारी के मार्ग पर इंतजार करते रहे, जिससे असमंजस की स्थिति पैदा हुई।
इस स्थिति को देखते हुए आश्रम की ओर से स्पष्ट किया गया है कि स्वास्थ्य कारणों से महाराज की पदयात्रा को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित किया गया है। साथ ही, भक्तों से अपील की गई है कि वे दर्शन के लिए मार्ग पर प्रतीक्षा न करें और महाराज के स्वास्थ्य का ध्यान रखें।
डॉक्टरों के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक उन्हें पूरी तरह से आराम की ज़रूरत है। इस बीच, उनके अनुयायी सोशल मीडिया पर प्रेमानंद महाराज के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले भी कई बार उनकी सेहत के चलते पदयात्रा स्थगित की जा चुकी है। यह पदयात्रा न केवल वृंदावन, बल्कि देश-विदेश के भक्तों के लिए आध्यात्मिक रूप से अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जाती है।




