जर्मनी जाने वाली फ्लाइट में भारतीय युवक ने कांटे से दो यात्रियों पर किया हमला, बोस्टन में विमान की इमरजेंसी लैंडिंग

By : dineshakula, Last Updated : October 28, 2025 | 4:38 pm

बोस्टन, अमेरिका: अमेरिका से जर्मनी (Germany) जा रही एक फ्लाइट में भारतीय युवक ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। 28 वर्षीय भारतीय नागरिक ने उड़ान के दौरान दो किशोर यात्रियों पर धातु के कांटे से हमला कर दिया और एक महिला यात्री को थप्पड़ मार दिया। यह घटना शनिवार को शिकागो से जर्मनी जा रही लुफ्थांसा एयरलाइंस की फ्लाइट में हुई, जिसे बाद में आपात स्थिति में बोस्टन लोगन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतारना पड़ा।

अमेरिकी अभियोजन कार्यालय के अनुसार, आरोपी की पहचान प्रनीत कुमार उसिरीपल्ली के रूप में हुई है। आरोप है कि उसने पहले 17 वर्षीय एक लड़के के कंधे पर कांटे से वार किया, फिर दूसरे 17 वर्षीय लड़के के सिर के पीछे वार किया, जिससे उसके सिर पर चोट आई।

विमान में भोजन सेवा समाप्त होने के बाद यह हमला हुआ। जब यात्रियों और क्रू मेंबर्स ने उसे काबू करने की कोशिश की, तो उसने अपनी उंगली से बंदूक का आकार बनाकर मुंह में रख लिया और ट्रिगर दबाने की नकल की। इसके बाद उसने एक महिला यात्री को थप्पड़ मारा और एक फ्लाइट अटेंडेंट पर भी हमला करने की कोशिश की।

अमेरिकी अदालत ने उसिरीपल्ली पर “खतरनाक हथियार से जानबूझकर नुकसान पहुंचाने के इरादे से हमला” करने का आरोप लगाया है। यदि दोषी पाया गया, तो उसे अधिकतम 10 साल की कैद, तीन साल की निगरानी अवधि और 2,50,000 डॉलर तक का जुर्माना हो सकता है।

अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी के पास इस समय अमेरिका में वैध निवास की स्थिति नहीं है। वह पहले स्टूडेंट वीजा पर अमेरिका आया था और बाइबल स्टडीज में मास्टर कोर्स कर रहा था।