अंबाला में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राफेल फाइटर जेट में उड़ान भरी

By : dineshakula, Last Updated : October 29, 2025 | 12:17 pm

अंबाला, हरियाणा: भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को अंबाला एयरफोर्स स्टेशन से राफेल फाइटर जेट (Rafale fighter jet) में उड़ान भरी। उड़ान से पहले उन्होंने फ्लाइट सूट पहना और जेट में सवार होने से पहले मौजूद अधिकारियों और सैनिकों की ओर हाथ हिलाकर अभिवादन किया।

राष्ट्रपति ने उड़ान से पहले एयरफोर्स अधिकारियों से राफेल की तकनीकी क्षमता, संचालन प्रक्रिया और सुरक्षा प्रणाली से जुड़ी जानकारी ली। अंबाला एयरबेस भारतीय वायुसेना के राफेल स्क्वॉड्रन का मुख्य अड्डा है और इसे देश की सबसे रणनीतिक एयरबेस में से एक माना जाता है।

उड़ान के बाद राष्ट्रपति के देश की रक्षा क्षमता, महिलाओं की सेना में बढ़ती भूमिका और राष्ट्रीय सुरक्षा योजनाओं पर अपने विचार साझा करने की संभावना है। राष्ट्रपति मुर्मू पहले भी सैन्य गतिविधियों में गहरी रुचि दिखा चुकी हैं और यह दौरा भी उसी प्रतिबद्धता का हिस्सा माना जा रहा है।

पहले सुखोई जेट में भी भर चुकी हैं उड़ान
इससे पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 7 अप्रैल 2023 को असम के तेजपुर एयरफोर्स स्टेशन से सुखोई-30 MKI जेट में उड़ान भरी थी। उस दौरान जेट ने सुबह 11:08 बजे टेक ऑफ और 11:38 बजे लैंड किया था। वे सुखोई में उड़ान भरने वाली देश की दूसरी महिला राष्ट्रपति हैं। उनसे पहले पूर्व राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल ने भी सुखोई में उड़ान भरी थी।

सुखोई उड़ान के दौरान राष्ट्रपति ने ब्रह्मपुत्र और तेजपुर वैली के ऊपर लगभग दो किलोमीटर की ऊंचाई और 800 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उड़ान का अनुभव किया था। विमान को 106 स्क्वॉड्रन के कमांडिंग ऑफिसर ग्रुप कैप्टन नवीन कुमार ने उड़ाया था।

राफेल विमानों का भारत आगमन

भारत ने फ्रांस से राफेल फाइटर जेट खरीदे थे। पहली खेप 27 जुलाई 2020 को भारत पहुंची थी, जिसमें पांच विमान शामिल थे। ये विमान फ्रांस के मेरिग्नैक एयरबेस से उड़ान भरकर यूएई के अल दफरा एयरबेस पर रुके और फिर अंबाला एयरबेस पहुंचे थे।

10 सितंबर 2020 को अंबाला में आयोजित औपचारिक समारोह में राफेल विमानों को भारतीय वायुसेना की 17वीं स्क्वॉड्रन ‘गोल्डन एरोज़’ में शामिल किया गया था। उस समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और फ्रांस की रक्षा मंत्री फ्लोरेंस पार्ली उपस्थित थीं।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी खुद राफेल में उड़ान भर चुके हैं।