आधी रात मोकामा से अनंत सिंह गिरफ्तार: दुलारचंद यादव मर्डर केस में पटना SSP का बड़ा खुलासा

By : dineshakula, Last Updated : November 2, 2025 | 9:43 am

पटना: बिहार की राजनीति में बड़ा मोड़ तब आया, जब शनिवार देर रात मोकामा में बाहुबली नेता और पूर्व विधायक अनंत सिंह (Anant SIngh) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। रात करीब 1 बजे 150 से ज्यादा पुलिसकर्मी मोकामा के बेड़ना गांव में अनंत सिंह के घर पहुंचे। पुलिस को अंदर जाने दिया गया, किसी तरह का विरोध नहीं हुआ। माना जा रहा है कि अनंत सिंह को पहले से गिरफ्तारी की जानकारी मिल गई थी। थोड़ी देर बाद सफेद पैंट-शर्ट और काला चश्मा पहने अनंत सिंह पुलिस अधिकारियों के साथ बाहर आए और उन्हें हिरासत में लेकर पटना ले जाया गया।

इस कार्रवाई के बाद मोकामा, बाढ़ और पटना में खबर तेजी से फैल गई कि अनंत सिंह को दुलारचंद यादव हत्याकांड में गिरफ्तार कर लिया गया है।

पटना डीएम और SSP की देर रात प्रेस कॉन्फ्रेंस

पटना के डीएम डॉ. थियागराजन एसएम ने देर रात प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि मोकामा की घटना को प्रशासन ने बहुत गंभीरता से लिया है। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान मॉडल आचार संहिता का सख्ती से पालन कराया जाएगा और सभी लाइसेंसधारी हथियार जमा कराना अनिवार्य होगा, ताकि शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित हो सके।

पटना के SSP कार्तिकेय के शर्मा ने बताया कि 30 अक्टूबर को तातर गांव के पास दो प्रत्याशियों का काफिला आमने-सामने आया था, जिसके बाद झड़प और पथराव हुआ। इसमें कई लोग घायल हुए और 75 वर्षीय दुलारचंद यादव की मौत हो गई। मृतक का आपराधिक इतिहास भी बताया गया है।

एसएसपी ने बताया कि पुलिस को CCTV फुटेज, गवाहों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से अहम सबूत मिले हैं। जांच में सामने आया है कि घटना के समय प्रत्याशी खुद मौके पर मौजूद थे, और उन्हीं के सामने यह झड़प हुई। अनंत सिंह को इसी मामले में गिरफ्तार किया गया है।

उनके साथ दो अन्य लोगों — मणिकांत ठाकुर (नदवां गांव) और रंजित राम (लदमा गांव) — को भी गिरफ्तार किया गया है। ये दोनों घटना स्थल पर मौजूद थे और अनंत सिंह के करीबी बताए जा रहे हैं।

पटना पुलिस और जिला प्रशासन ने बताया कि मामले की जांच CID टीम कर रही है। हर निर्वाचन क्षेत्र में 50 से अधिक CAPF पॉइंट्स बनाए गए हैं ताकि कानून व्यवस्था पर कड़ी नजर रखी जा सके। फिलहाल छापेमारी और पूछताछ जारी है।