बिहार चुनाव के बीच राहुल गांधी का एमपी दौरा, क्या नई सियासी रणनीति की तैयारी?

By : dineshakula, Last Updated : November 7, 2025 | 11:25 pm

भोपाल:  बिहार विधानसभा चुनाव के बीच कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी अब अचानक मध्य प्रदेश आ रहे हैं। बिहार में पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को पूरा हुआ था, जबकि दूसरे चरण की वोटिंग 11 नवंबर को और नतीजे 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे। इस बीच राहुल गांधी का बिहार प्रचार छोड़कर एमपी का दौरा राजनीतिक हलकों में नई चर्चा का विषय बन गया है।

राहुल गांधी शनिवार 8 नवंबर को मध्य प्रदेश के पचमढ़ी पहुंचेंगे। यहां वे पार्टी के जिला अध्यक्षों के साथ ‘संगठन सृजन अभियान’ के तहत संवाद करेंगे। यह कार्यक्रम कांग्रेस संगठन को 2028 के विधानसभा चुनाव से पहले जमीनी स्तर पर मजबूत करने की रणनीति का हिस्सा है।

मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने बताया कि राहुल गांधी शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे भोपाल पहुंचेंगे और वहां से सीधे पचमढ़ी जाएंगे। वे जिला अध्यक्षों के लिए चल रहे प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लेंगे और उसी शाम बिहार लौट जाएंगे ताकि अगले चरण के प्रचार में शामिल हो सकें।

गौरतलब है कि राहुल गांधी ने इसी साल 3 जून 2025 को भोपाल से ‘संगठन सृजन अभियान’ की शुरुआत की थी। इसके बाद अगस्त में प्रदेशभर के 71 जिला अध्यक्षों की नियुक्ति की गई थी। कांग्रेस फिलहाल मध्य प्रदेश में लंबे समय से सत्ता से बाहर है — दिसंबर 2018 से मार्च 2020 तक के कमलनाथ सरकार के 15 महीनों को छोड़ दें तो पार्टी 2003 से सत्ता में नहीं लौट पाई है। वहीं, लोकसभा चुनाव 2024 में कांग्रेस को प्रदेश की सभी 29 सीटों पर हार का सामना करना पड़ा था।

बिहार चुनाव के बीच राहुल गांधी का यह पचमढ़ी दौरा न केवल कांग्रेस के संगठन को दिशा देने की कोशिश माना जा रहा है, बल्कि इसे भविष्य की सियासी चाल के तौर पर भी देखा जा रहा है।