तिरुपति लड्डू विवाद में बड़ा दावा, बाथरूम क्लीनर के केमिकल वाले घी से बना प्रसाद: सीएम चंद्रबाबू नायडू
By : hashtagu, Last Updated : February 6, 2026 | 6:44 pm
By : hashtagu, Last Updated : February 6, 2026 | 6:44 pm
कुरनूल (आंध्र प्रदेश): आंध्र प्रदेश के तिरुपति मंदिर (Tirupati Temple) में भक्तों को दिए जाने वाले लड्डू प्रसाद (laddu prasad) को लेकर विवाद और गहरा गया है। मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू (N Chandrababu Naidu) ने बड़ा दावा करते हुए कहा है कि पिछली जगन मोहन रेड्डी (Jagan Mohan Reddy) सरकार के कार्यकाल में लड्डू बनाने के लिए जिस घी (ghee) का इस्तेमाल किया गया, वह बाथरूम साफ करने में उपयोग होने वाले केमिकल (bathroom cleaning chemicals) से बना हुआ था।
मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने आरोप लगाया कि वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (YSRCP) सरकार के दौरान तिरुपति बालाजी मंदिर में बांटे जाने वाले प्रसाद में गंभीर मिलावट की गई। उन्होंने कहा कि करीब पांच साल तक श्री वेंकटेश्वर स्वामी (Lord Venkateswara) के पवित्र प्रसाद को ऐसे घी से तैयार किया गया, जो बाथरूम क्लीनर में इस्तेमाल होने वाले रसायनों से बनाया गया था।
सीएम नायडू ने यह बयान कुरनूल जिले के येम्मिगनूर में आयोजित एक जनसभा के दौरान दिया। वह इस कार्यक्रम में किसानों को ‘आपकी जमीन–आपका अधिकार’ योजना के तहत पट्टादार पासबुक वितरित करने पहुंचे थे। मंच से बोलते हुए उन्होंने कहा कि इस तरह की मिलावट से वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर की पवित्रता को ठेस पहुंची है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी यह दावा कर रहे हैं कि केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) और विशेष जांच दल (SIT) ने उन्हें क्लीन चिट दे दी है, लेकिन तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (TTD) के पूर्व अध्यक्ष और उनके चाचा वाई. वी. सुब्बा रेड्डी ने खुद प्रसाद में मिलावट की बात स्वीकार की है।
चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि मिलावटी प्रसाद से मंदिर की छवि को नुकसान पहुंचाने के बाद अब हालात सुधारने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने साफ कहा कि पहले और अब भक्तों को दिए जा रहे लड्डुओं में जमीन-आसमान का अंतर है और वर्तमान सरकार मंदिर की पवित्र परंपराओं को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
तिरुपति लड्डू को लेकर यह बयान आने के बाद आंध्र प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है और मामला आस्था, प्रशासन और राजनीति के केंद्र में आ गया है।
Tags: