T20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तानी खिलाड़ी पर महिला होटल स्टाफ से बदसलूकी का आरोप, टीम मैनेजमेंट ने लगाया जुर्माना

By : dineshakula, Last Updated : March 5, 2026 | 7:44 pm

नई दिल्ली: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान पाकिस्तान (Pakistan) क्रिकेट टीम से जुड़ा एक नया विवाद सामने आया है। रिपोर्ट्स के अनुसार टीम के एक पाकिस्तानी खिलाड़ी पर श्रीलंका के कैंडी (Kandy) शहर में होटल की महिला स्टाफ के साथ बदसलूकी (Misbehaviour) करने का आरोप लगा है। घटना सामने आने के बाद टीम मैनेजमेंट ने खिलाड़ी पर जुर्माना (Fine) लगाया है, हालांकि खिलाड़ी का नाम सार्वजनिक नहीं किया गया है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक यह घटना पाकिस्तान के अंतिम सुपर-8 मुकाबले से पहले हुई थी, जब टीम श्रीलंका में अपने होटल में ठहरी हुई थी। बताया गया है कि खिलाड़ी ने होटल की महिला हाउसकीपिंग स्टाफ के साथ अनुचित व्यवहार किया, जिसके बाद महिला कर्मचारी ने मदद के लिए आवाज लगाई और होटल के अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे।

मामले की जानकारी मिलने के बाद होटल प्रबंधन ने इस घटना की शिकायत पाकिस्तान टीम के मैनेजर नवैद चीमा से की। टीम मैनेजर ने खिलाड़ी की ओर से माफी मांगी और आंतरिक कार्रवाई करते हुए उस पर जुर्माना लगा दिया। होटल प्रबंधन इस मामले में कड़ी कार्रवाई चाहता था, लेकिन टीम प्रबंधन ने इसे अंदरूनी स्तर पर सुलझाने की कोशिश की।

रिपोर्ट्स के अनुसार यह मामला पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) और टीम से जुड़े लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। संभावना जताई जा रही है कि बोर्ड इस मामले में आगे भी अनुशासनात्मक कार्रवाई (Disciplinary Action) कर सकता है और संबंधित खिलाड़ी से स्पष्टीकरण मांगा जा सकता है।

इस बीच पाकिस्तान टीम का टी20 वर्ल्ड कप अभियान भी निराशाजनक रहा। टीम ने श्रीलंका के खिलाफ सुपर-8 मुकाबला जीत लिया था, लेकिन खराब नेट रन रेट के कारण सेमीफाइनल में जगह नहीं बना सकी।