रायपुर में डीएड अभ्यर्थियों का अनोखा प्रदर्शन, दंडवत प्रणाम कर मांगी सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति

By : hashtagu, Last Updated : March 14, 2026 | 4:10 pm

रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में डीएड अभ्यर्थियों (D Ed candidates) ने अपनी मांगों को लेकर फिर विरोध प्रदर्शन किया। रायपुर के तूता इलाके में अभ्यर्थियों ने सहायक शिक्षक भर्ती के रिक्त पदों पर नियुक्ति की मांग करते हुए अनोखे तरीके से प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के दौरान डीएड अभ्यर्थियों ने दंडवत प्रणाम करते हुए विरोध जताया और सरकार से जल्द नियुक्ति देने की मांग की। अभ्यर्थियों का कहना है कि साल 2023 में हुई सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षा के बाद भी अब तक कई पद खाली हैं, लेकिन इन पदों पर नियुक्ति नहीं की जा रही है।

अभ्यर्थियों के अनुसार वे लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि 24 दिसंबर से लगातार तूता में धरना और प्रदर्शन जारी है, लेकिन अब तक सरकार की ओर से कोई ठोस फैसला नहीं लिया गया है।

प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का कहना है कि उन्होंने डीएड की पढ़ाई पूरी की है और शिक्षक बनने की उम्मीद में भर्ती प्रक्रिया का इंतजार कर रहे हैं। उनका आरोप है कि भर्ती परीक्षा के बाद भी कई पद खाली होने के बावजूद नियुक्ति नहीं की जा रही है जिससे हजारों अभ्यर्थियों का भविष्य अधर में लटक गया है।

अभ्यर्थियों ने सरकार से मांग की है कि सहायक शिक्षक भर्ती के खाली पदों पर जल्द से जल्द नियुक्ति प्रक्रिया पूरी की जाए ताकि योग्य उम्मीदवारों को रोजगार मिल सके।