कुलदीप यादव की शादी की पहली तस्वीरें आईं सामने, बचपन की दोस्त वंशिका चड्ढा बनीं दुल्हन

By : hashtagu, Last Updated : March 14, 2026 | 11:35 pm

देहरादून/मसूरी: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव (Kuldeep Yadav) ने अपनी बचपन की दोस्त वंशिका चड्ढा से शादी कर ली है और अब उनकी शादी की पहली तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। तस्वीरों में कुलदीप और वंशिका दूल्हा-दुल्हन के रूप में बेहद खुश नजर आ रहे हैं। यह शादी उत्तराखंड के मसूरी में एक निजी समारोह (Private Ceremony) में हुई, जिसमें परिवार और करीबी दोस्तों के अलावा क्रिकेट जगत के कई बड़े नाम शामिल हुए।

14 मार्च 2026 को मसूरी के एक लग्जरी रिसॉर्ट (Luxury Resort) में कुलदीप यादव और वंशिका चड्ढा ने सात फेरे लिए। शादी से पहले 13 मार्च को हल्दी (Haldi Ceremony) और मेहंदी (Mehendi Ceremony) जैसे पारंपरिक कार्यक्रम आयोजित किए गए थे। इन समारोहों की कई तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया (Social Media) पर वायरल हो गए।

कुलदीप यादव और वंशिका चड्ढा दोनों मूल रूप से उत्तर प्रदेश के कानपुर के रहने वाले हैं और बचपन से एक-दूसरे को जानते हैं। दोनों की दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदली और 4 जून 2025 को लखनऊ में दोनों की सगाई हुई थी। सगाई समारोह में परिवार और करीबी दोस्तों के साथ क्रिकेटर रिंकू सिंह भी मौजूद थे।

बताया जा रहा है कि शादी को निजी रखा गया था, लेकिन इसमें क्रिकेट जगत की कई बड़ी हस्तियां शामिल हुईं। प्री-वेडिंग समारोह में युजवेंद्र चहल, पीयूष चावला और रिंकू सिंह जैसे खिलाड़ी नजर आए। वहीं शादी के बाद 17 मार्च को लखनऊ के होटल सेंट्रम में एक भव्य रिसेप्शन आयोजित किया जाएगा, जिसमें क्रिकेट, राजनीति और कारोबार जगत के कई बड़े मेहमान शामिल हो सकते हैं।

भारत के लिए कई अहम मैचों में शानदार प्रदर्शन करने वाले कुलदीप यादव के लिए यह समय खास माना जा रहा है, क्योंकि हाल ही में टीम इंडिया की टी20 विश्व कप जीत के बाद अब उन्होंने अपने निजी जीवन की नई पारी भी शुरू कर दी है।