IPL 2026 में एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम को मंजूरी, बेंगलुरु में होंगे मैच

By : hashtagu, Last Updated : March 16, 2026 | 3:17 pm

बेंगलुरु, कर्नाटक आईपीएल 2026 (IPL 2026) के मैच बेंगलुरु के प्रतिष्ठित एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में आयोजित किए जाने को अंतिम मंजूरी मिल गई है। कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (केएससीए) ने सरकारी अधिकारियों और विशेषज्ञ समिति की बैठक के बाद आधिकारिक अनुमति प्राप्त कर ली है, जिससे स्टेडियम में आईपीएल के आयोजन को लेकर चल रही अनिश्चितता दूर हुई है। इस साल का उद्घाटन मैच इसी मैदान पर होना तय है, जहां घरेलू टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु मुकाबला खेलेंगे।

केएससीए और राज्य के गृह विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने बैठक में स्टेडियम की सुरक्षा, व्यवस्था और बुनियादी ढांचे की समीक्षा की। विशेषज्ञ समिति ने मैदान में लागू किए गए सुधार और सुविधाओं को संतोषजनक बताया, जिसके आधार पर गृह मंत्री ने आईपीएल 2026 मैचों की अनुमति दे दी। घरेलू और अंतरराष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट मैचों को सुरक्षित रूप से आयोजित करने के लिए यह अंतिम हरी झंडी मानी जा रही है।

चिन्नास्वामी स्टेडियम के लिए यह एक महत्वपूर्ण मोड़ है क्योंकि पिछले साल यहां एक भगदड़ की घटना के बाद कई बड़े क्रिकेट आयोजन इससे हटाए गए थे। अब अनुमति मिलने के साथ बेंगलुरु के दर्शक उम्मीद कर रहे हैं कि इस बार मैदान में क्रिकेट के जश्न का माहौल फिर से लौटेगा।