MP में लॉरेंस गैंग के नाम पर रंगदारी का आतंक, भोपाल-इंदौर के कारोबारियों से 10-15 करोड़ की मांग

By : hashtagu, Last Updated : March 22, 2026 | 1:03 pm

भोपाल: मध्य प्रदेश में इन दिनों गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई (Lawrence Bishnoi) गैंग के नाम पर आने वाली धमकियों (threat calls) से कारोबारी वर्ग में दहशत का माहौल है। इंदौर के बाद अब राजधानी भोपाल में भी इसी तरह का मामला सामने आया है, जहां कारोबारियों से करोड़ों रुपये की रंगदारी (extortion) मांगी जा रही है। पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी है, लेकिन अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि कॉल किसने और कहां से किए।

भोपाल में 20 मार्च को कोलार रोड इलाके में रहने वाले कारोबारी गौरव जैन को विदेशी नंबरों से कॉल कर 10 करोड़ रुपये की मांग की गई। गौरव जैन के मुताबिक, कॉल करने वालों ने खुद को लॉरेंस गैंग का शूटर बताया और पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी। पहले उन्होंने इसे फर्जी कॉल समझकर नजरअंदाज किया, लेकिन उसी दिन सुबह करीब 10:56 बजे दूसरे नंबर से दोबारा कॉल आया, जिसमें सीधे रकम देने का दबाव बनाया गया। इसके बाद उन्होंने कोलार थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इसी तरह इंदौर के तुकोगंज थाना क्षेत्र में रियल एस्टेट कारोबारी संजय जैन को 19 मार्च की सुबह इंटरनेशनल नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को “हेरी बॉक्सर” बताते हुए लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया और 10 करोड़ रुपये की मांग की। संजय जैन ने तुरंत कॉल काट दिया और नंबर ब्लॉक कर दिया।

इसके कुछ ही समय बाद उसी नंबर से वॉइस मैसेज भेजा गया, जिसमें धमकी दी गई कि पहले 10 करोड़ मांगे गए थे, लेकिन कॉल नहीं उठाने के कारण अब 15 करोड़ रुपये देने होंगे। आरोपी ने वीडियो कॉल करने की भी कोशिश की।

वॉइस मैसेज में आरोपी ने संजय जैन और उनके परिवार से जुड़ी निजी जानकारी का जिक्र कर डराने की कोशिश की, जिससे कारोबारी और उनके परिवार में भय का माहौल बन गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए संजय जैन ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

दोनों मामलों में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है और जांच जारी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कॉल करने वाले लोग कौन हैं और क्या उनका वास्तव में किसी गैंग से कनेक्शन है या यह सिर्फ डर फैलाने की साजिश है।