धुरंधर द रिवेंज बनी पहली हिंदी फिल्म जिसने पार किया 1000 करोड़ नेट कलेक्शन, रणवीर सिंह ने रचा इतिहास

By : hashtagu, Last Updated : April 10, 2026 | 12:32 pm

मुंबई: भारतीय फिल्म इंडस्ट्री को पहली बार 1000 करोड़ रुपये के नेट कलेक्शन (net collection) क्लब में एंट्री दिलाने वाली फिल्म बन गई है आदित्य धर की ‘धुरंधर द रिवेंज’(Dhurandhar) । अब तक कई फिल्मों ने 1500 करोड़ रुपये तक की कमाई की है, लेकिन उनमें ग्रॉस कलेक्शन (gross collection), मल्टी-लैंग्वेज कमाई या वर्ल्डवाइड कलेक्शन (worldwide collection) शामिल रहा है।

इस फिल्म की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसका 1000 करोड़ का आंकड़ा सिर्फ हिंदी वर्जन से, सिर्फ भारत में और केवल नेट कलेक्शन के आधार पर हासिल किया गया है। भारतीय सिनेमा के इतिहास में अब तक कोई भी फिल्म यह मुकाम हासिल नहीं कर पाई थी। आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस एक्शन ड्रामा फिल्म ने रिलीज के तीसरे मंगलवार को यह ऐतिहासिक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।

फिल्म ने महज 22 दिनों में यह आंकड़ा पार कर लिया, जबकि अगर पेड प्रीव्यू को भी जोड़ लिया जाए तो यह उपलब्धि 23वें दिन पूरी हुई। इस रिकॉर्ड ने न सिर्फ फिल्म बल्कि इसके मुख्य अभिनेता रणवीर सिंह के करियर को भी नई ऊंचाई पर पहुंचा दिया है।

रणवीर सिंह के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि ‘धुरंधर’ के पहले भाग ने 896 करोड़ रुपये की कमाई की थी और अब ‘धुरंधर द रिवेंज’ के साथ उन्होंने 1000 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है।

फिल्म की कमाई की रफ्तार को देखते हुए यह उम्मीद जताई जा रही है कि यह जल्द ही 1100 करोड़ रुपये का आंकड़ा भी पार कर सकती है। अगर ऐसा होता है तो रणवीर सिंह छह महीने से भी कम समय में सिर्फ हिंदी फिल्मों से और केवल भारत में 2000 करोड़ रुपये से ज्यादा का नेट कलेक्शन देने वाले पहले अभिनेता बन जाएंगे। भारतीय सिनेमा के 100 साल के इतिहास में यह कारनामा आज तक कोई भी अभिनेता नहीं कर पाया है।