आमिर खान ने लॉन्गटाइम पार्टनर गौरी स्प्रैट से की शादी, परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में लिए सात फेरे

By : hashtagu, Last Updated : July 5, 2026 | 2:28 pm

मुंबई, महाराष्ट्र। बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान (Aamir Khan) ने अपनी लॉन्गटाइम पार्टनर (Longtime Partner) गौरी स्प्रैट (Gauri Spratt) से एक निजी समारोह (Private Ceremony) में शादी कर ली। यह शादी मुंबई स्थित उनके घर पर परिवार, करीबी दोस्तों और रिश्तेदारों की मौजूदगी में सादगी के साथ संपन्न हुई। समारोह में करीब 150 मेहमान शामिल हुए और शादी को पूरी तरह निजी रखा गया।

आमिर खान और गौरी स्प्रैट पिछले दो वर्षों से अधिक समय से एक-दूसरे के साथ थे। अभिनेता ने इसी साल अपने जन्मदिन के मौके पर पहली बार सार्वजनिक रूप से गौरी के साथ अपने रिश्ते की पुष्टि की थी। इसके बाद दोनों ने अपने रिश्ते को नया नाम देते हुए शादी करने का फैसला लिया।

यह आमिर खान की तीसरी शादी है। इससे पहले उन्होंने रीना दत्ता से शादी की थी, जिनसे उनके दो बच्चे जुनैद और इरा हैं। बाद में दोनों का तलाक हो गया। इसके बाद आमिर ने फिल्म निर्माता किरण राव से शादी की, जिनसे उनका एक बेटा आजाद है। वर्ष 2021 में आमिर और किरण राव अलग हो गए थे, लेकिन दोनों आज भी अपने बेटे की संयुक्त रूप से परवरिश कर रहे हैं और पेशेवर रूप से साथ काम करते हैं।

रिपोर्ट्स के अनुसार, शादी का आयोजन बेहद सादा रखा गया। इसमें सिर्फ परिवार के सदस्य, करीबी दोस्त और दोनों पक्षों के खास लोग शामिल हुए। आमिर खान ने पहले ही कहा था कि वह किसी भव्य आयोजन के बजाय घरेलू और निजी माहौल में शादी करना चाहते हैं।