RCB फिर फाइनल में! गुजरात को 92 रन से रौंदा, पाटीदार की तूफानी 93 रन की पारी

By : hashtagu, Last Updated : May 26, 2026 | 11:50 pm

धर्मशाला: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने IPL 2026 के क्वालिफायर-1 में गुजरात टाइटंस को 92 रन से हराकर लगातार दूसरे सीजन फाइनल में जगह बना ली। बेंगलुरु ने बल्लेबाजी (Batting) और गेंदबाजी (Bowling) दोनों में दमदार प्रदर्शन करते हुए गुजरात को पूरी तरह मुकाबले से बाहर कर दिया। अब गुजरात टाइटंस को फाइनल में पहुंचने के लिए क्वालिफायर-2 खेलना होगा, जहां उसका सामना एलिमिनेटर जीतने वाली टीम से होगा। एलिमिनेटर मुकाबला बुधवार को न्यू चंडीगढ़ में सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेला जाएगा।

धर्मशाला में खेले गए मुकाबले में गुजरात ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। बेंगलुरु ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 254 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में गुजरात की टीम 19.3 ओवर में 162 रन पर ऑलआउट हो गई।

बेंगलुरु की जीत के सबसे बड़े हीरो कप्तान रजत पाटीदार रहे। उन्होंने सिर्फ 33 गेंदों पर नाबाद 93 रन की विस्फोटक पारी खेली। पाटीदार ने अपनी पारी में 9 छक्के और 5 चौके लगाए। विराट कोहली और क्रुणाल पंड्या ने भी 43-43 रन की महत्वपूर्ण पारियां खेलीं। आखिरी ओवरों में बेंगलुरु के बल्लेबाजों ने गुजरात के गेंदबाजों पर जमकर हमला बोला।

गुजरात की ओर से कगिसो रबाडा और जेसन होल्डर ने 2-2 विकेट लिए, लेकिन बाकी गेंदबाज पूरी तरह बेअसर नजर आए। बेंगलुरु का 254 रन का स्कोर IPL प्लेऑफ और नॉकआउट इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर बन गया। इससे पहले यह रिकॉर्ड गुजरात टाइटंस के नाम था, जिसने 2023 के क्वालिफायर-2 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 233/3 रन बनाए थे।

255 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम लगातार अंतराल में विकेट गंवाती रही और कभी भी मैच में वापसी करती नजर नहीं आई। बेंगलुरु के गेंदबाजों ने शुरुआत से दबाव बनाए रखा। जैकब डफी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके। जोश हेजलवुड और भुवनेश्वर कुमार ने भी अहम विकेट लेकर गुजरात की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।

बेंगलुरु की प्लेइंग-11 में विराट कोहली, वेंकटेश अय्यर, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार, जितेश शर्मा, टिम डेविड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, जैकब डफी, जोश हेजलवुड और रसिख सलाम शामिल रहे। टीम के इम्पैक्ट प्लेयर रोमारियो शेफर्ड थे।

वहीं गुजरात टाइटंस की टीम में शुभमन गिल, साई सुदर्शन, जोस बटलर, वॉशिंगटन सुंदर, निशांत सिंधु, जेसन होल्डर, राशिद खान, कुलवंत खेजरोलिया, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा शामिल रहे। टीम के इम्पैक्ट प्लेयर राहुल तेवतिया थे।