दतिया उपचुनाव में नामांकन के आखिरी दिन शक्ति प्रदर्शन, कांग्रेस-भाजपा प्रत्याशियों ने दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में भरा पर्चा

By : hashtagu, Last Updated : July 13, 2026 | 4:06 pm

ग्वालियर। मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा उपचुनाव (By-election) के लिए नामांकन (Nomination) के आखिरी दिन सोमवार को राजनीतिक गतिविधियां चरम पर रहीं। कांग्रेस (Congress) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) दोनों ने अपने-अपने प्रत्याशियों का नामांकन वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में शक्ति प्रदर्शन के साथ दाखिल कराया। इस दौरान दोनों दलों ने रोड शो और जनसभाओं के जरिए चुनावी ताकत दिखाने की कोशिश की।

कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने दोपहर करीब 12 बजे नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और विधायक फूल सिंह बरैया की मौजूदगी में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। हालांकि, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी नामांकन के दौरान मौजूद नहीं रहे। बताया गया कि वह रविवार शाम से ही दतिया में डेरा डाले हुए हैं और पार्टी के नाराज नेताओं अवधेश नायक और राजेंद्र भारती को मनाने में जुटे हैं।

वहीं भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने दोपहर करीब 2:45 बजे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा की मौजूदगी में अपना नामांकन दाखिल किया। भाजपा द्वारा टिकट बदले जाने के बाद डॉ. नरोत्तम मिश्रा की सक्रियता पर सभी की नजरें बनी हुई हैं।

नामांकन के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में एक बड़ी जनसभा को संबोधित किया और भव्य रोड शो का नेतृत्व किया। इस कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।

दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर दोनों प्रमुख दलों ने पूरी ताकत झोंक दी है। नामांकन के अंतिम दिन हुए शक्ति प्रदर्शन ने साफ कर दिया है कि इस सीट पर मुकाबला बेहद दिलचस्प और प्रतिष्ठा का बनने जा रहा है।