अनिरुद्ध रविचंदर और काव्या मारन करेंगे शादी! चाचा वाई. जी. महेंद्र ने लगाई रिश्ते पर मुहर
By : hashtagu, Last Updated : June 28, 2026 | 7:25 pm
चेन्नई: दक्षिण भारतीय संगीतकार (Music Composer) अनिरुद्ध रविचंदर और सनराइजर्स हैदराबाद (Sunrisers Hyderabad) की सीईओ (CEO) काव्या मारन (Kavya Maran) की शादी की चर्चाओं के बीच बड़ा दावा सामने आया है। अभिनेता वाई. जी. महेंद्र ने एक साक्षात्कार में कहा है कि अनिरुद्ध और काव्या की शादी तय हो चुकी है। हालांकि दोनों की ओर से अब तक इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
वाई. जी. महेंद्र, जो अनिरुद्ध रविचंदर के चाचा हैं, ने एक इंटरव्यू में कहा कि अनिरुद्ध एक बेहद सरल स्वभाव के लड़के हैं और अब उनकी शादी होने जा रही है। उन्होंने कहा कि उन्हें जो जानकारी मिली है, उसके अनुसार यह शादी तय है। उन्होंने दोनों को एक अच्छी जोड़ी भी बताया। उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर शादी की चर्चाओं ने फिर जोर पकड़ लिया है।
काव्या मारन, सन ग्रुप के चेयरमैन कलानिधि मारन की बेटी हैं। वह सन टीवी नेटवर्क में कार्यकारी निदेशक होने के साथ-साथ आईपीएल टीम सनराइजर्स हैदराबाद की सीईओ की जिम्मेदारी भी संभाल रही हैं। वहीं अनिरुद्ध रविचंदर दक्षिण भारतीय सिनेमा के सबसे लोकप्रिय संगीतकारों में शामिल हैं और उन्होंने कई सुपरहिट फिल्मों में संगीत दिया है।
अनिरुद्ध और काव्या के रिश्ते को लेकर पिछले एक वर्ष से लगातार अटकलें लगाई जाती रही हैं। हालांकि पहले अनिरुद्ध ने इन खबरों को महज अफवाह बताया था। अब उनके चाचा के बयान के बाद इन चर्चाओं को नया बल मिला है। फिलहाल दोनों परिवारों की ओर से विवाह की तारीख या अन्य कार्यक्रमों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है।




