मुहर्रम जुलूस में 15 हजार लोगों को जहर देने की साजिश नाकाम, जहरीले कैप्सूल बांटने वाला आरोपी गिरफ्तार
By : hashtagu, Last Updated : June 28, 2026 | 3:40 pm
मुंबई: मुंबई के भायखला (Byculla) इलाके में मुहर्रम (Muharram) के जुलूस (Procession) के दौरान हजारों लोगों को जहर (Poison) देकर मारने की कथित साजिश का पुलिस ने समय रहते पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने जहरीले कैप्सूल (Poison Capsules) बांट रहे फैयाज निसार हुसैन प्रेमजी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से बड़ी मात्रा में जिंक फॉस्फाइड (Zinc Phosphide) से भरे कैप्सूल बरामद किए गए हैं। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी अकेले काम कर रहा था या उसके साथ कोई और भी शामिल था।
पुलिस के अनुसार आरोपी भायखला में मुहर्रम के जुलूस के दौरान लोगों को “नेक काम”, “विटामिन” और दवा बताकर कैप्सूल बांट रहा था। शुरुआती जांच में सामने आया कि इन कैप्सूलों में जिंक फॉस्फाइड भरा था, जिसका इस्तेमाल आमतौर पर चूहे मारने की दवा में किया जाता है और यह अत्यंत जहरीला रसायन है।
मामले का खुलासा तब हुआ जब कैप्सूल खाने के बाद कई लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। पुलिस के मुताबिक कम से कम 11 लोगों को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के बाद उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई। लोगों की सूचना और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी घटना टल गई।
जांच में पता चला है कि आरोपी ने कथित तौर पर ऑनलाइन 50 किलोग्राम जिंक फॉस्फाइड और करीब 30 हजार खाली कैप्सूल मंगवाए थे। पिछले लगभग 15 दिनों से वह मुंबई के डोंगरी इलाके में किराये का कमरा लेकर इन कैप्सूलों में जहर भर रहा था। पुलिस ने उसके पास से करीब 14,900 जहरीले कैप्सूल बरामद किए हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर दावा किया कि उसका इरादा करीब 15 हजार लोगों को निशाना बनाने का था। हालांकि पुलिस अभी इस कथित बयान की पुष्टि के साथ-साथ आरोपी के मकसद, उसके संभावित सहयोगियों, वित्तीय लेनदेन, यात्रा और अन्य संपर्कों की गहन जांच कर रही है। आरोपी को अदालत ने दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि आरोपी के किसी अंतरराष्ट्रीय संपर्क या किसी संगठित नेटवर्क से संबंध थे या नहीं। पुलिस का कहना है कि फिलहाल जांच जारी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।




