जिम्बाब्वे टी20 सीरीज के लिए टीम इंडिया घोषित, संजू सैमसन बाहर; प्रभसिमरन सिंह को पहली बार मौका
By : hashtagu, Last Updated : July 6, 2026 | 8:51 pm
नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने जिम्बाब्वे दौरे के लिए तीन मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय (T20I) सीरीज हेतु 15 सदस्यीय भारतीय टीम (Indian Squad) की घोषणा कर दी है। टीम से विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन (Sanju Samson) को बाहर कर दिया गया है, जबकि पंजाब के विकेटकीपर बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह को पहली बार भारतीय टीम में जगह मिली है।
संजू सैमसन हाल के टी20 मुकाबलों में लगातार खराब प्रदर्शन से जूझ रहे थे। उन्होंने अपने पिछले तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 5, 0 और 1 रन बनाए थे। इंग्लैंड के खिलाफ जारी टी20 सीरीज में भी उन्हें दूसरे मैच से बाहर कर युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को मौका दिया गया था। अब चयनकर्ताओं ने जिम्बाब्वे दौरे के लिए भी उन्हें टीम में शामिल नहीं किया है।
प्रभसिमरन सिंह के अलावा तेज गेंदबाज यश ठाकुर और अशोक शर्मा को भी पहली बार भारतीय टी20 टीम में शामिल किया गया है। स्पिन ऑलराउंडर हर्ष दुबे को अक्षर पटेल की जगह मौका मिला है, जबकि रिंकू सिंह की टीम में वापसी हुई है और उन्होंने वॉशिंगटन सुंदर की जगह ली है।
श्रेयस अय्यर को टीम की कप्तानी सौंपी गई है, जबकि तिलक वर्मा उपकप्तान होंगे। तेज गेंदबाज मयंक यादव की भी टीम में वापसी हुई है। भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन टी20 मुकाबले 23, 25 और 26 जुलाई को हरारे में खेले जाएंगे।
भारतीय टीम में श्रेयस अय्यर (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा (उपकप्तान), ईशान किशन, शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे, रिंकू सिंह, हर्ष दुबे, वरुण चक्रवर्ती, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, अशोक शर्मा, मयंक यादव और प्रभसिमरन सिंह शामिल हैं।



