40 साल बाद न्यूजीलैंड पहुंचे पीएम मोदी, FTA से व्यापार और रणनीतिक साझेदारी को मिलेगी नई रफ्तार

By : hashtagu, Last Updated : July 11, 2026 | 5:10 pm

ऑकलैंड (न्यूजीलैंड): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) 40 वर्षों बाद न्यूजीलैंड (New Zealand) का दौरा करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बने हैं। ऑकलैंड पहुंचने पर उनका स्वागत न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन (Christopher Luxon) ने किया। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य दोनों देशों के बीच मुक्त व्यापार समझौते (Free Trade Agreement-FTA), व्यापार (Trade), निवेश (Investment), रक्षा (Defence) और रणनीतिक साझेदारी (Strategic Partnership) को नई मजबूती देना है।

प्रधानमंत्री मोदी और प्रधानमंत्री लक्सन के बीच द्विपक्षीय वार्ता में हाल ही में हुए भारत-न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौते को तेजी से लागू करने पर चर्चा हुई। इस समझौते से दोनों देशों के बीच व्यापार बढ़ने, निवेश के नए अवसर बनने और कृषि, शिक्षा, तकनीक तथा सेवा क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

बैठक के दौरान दोनों देशों ने अपने संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक पहुंचाने का फैसला किया। रक्षा सहयोग, समुद्री सुरक्षा, इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में समन्वय और प्रतिभा व शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर भी सहमति बनी। दोनों नेताओं ने साझा लोकतांत्रिक मूल्यों और लोगों के बीच मजबूत संबंधों को द्विपक्षीय रिश्तों की सबसे बड़ी ताकत बताया।

प्रधानमंत्री मोदी अपने दौरे के दौरान भारतीय समुदाय को भी संबोधित करेंगे। उन्होंने कहा कि भारत और न्यूजीलैंड के रिश्ते विश्वास, साझा मूल्यों और आपसी सहयोग पर आधारित हैं तथा दोनों देशों का भविष्य एक-दूसरे से जुड़ा हुआ है।