800 करोड़ के कथित घोटालों में कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल गिरफ्तार, EOW की बड़ी कार्रवाई
By : hashtagu, Last Updated : July 10, 2026 | 6:05 pm
रायपुर: छत्तीसगढ़ में कथित 800 करोड़ रुपये के घोटालों (Scam) की जांच के बीच कांग्रेस के पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल को आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (Economic Offences Wing-EOW) ने गिरफ्तार कर लिया है। करीब तीन साल से चल रही जांच के बाद यह कार्रवाई की गई। अधिकारियों के अनुसार, रामगोपाल अग्रवाल से कोयला लेवी, शराब और कस्टम राइस मिलिंग से जुड़े मामलों में पूछताछ की जाएगी।
जांच एजेंसी के मुताबिक, रामगोपाल अग्रवाल लंबे समय से जांच में सहयोग नहीं कर रहे थे। उनके खिलाफ विशेष अदालत से स्थायी वारंट भी जारी किया गया था। ईओडब्ल्यू का दावा है कि जांच के दौरान मिले दस्तावेज, डिजिटल साक्ष्य, जब्त डायरी और अन्य सबूतों के आधार पर उनसे पूछताछ की जा रही है।
ईओडब्ल्यू के अनुसार, कथित कोयला लेवी घोटाले के आरोपी सूर्यकांत तिवारी से बरामद डायरी में “कांग्रेस भवन” के नाम पर करोड़ों रुपये के भुगतान की एंट्री मिली है। एजेंसी का आरोप है कि जांच में सामने आया है कि यह रकम कांग्रेस कार्यालय में रामगोपाल अग्रवाल तक पहुंचाई गई थी।
जांच एजेंसी का यह भी कहना है कि कथित शराब घोटाले में मुख्य आरोपी अनवर ढेबर और उसके सहयोगियों द्वारा भी कांग्रेस भवन में करोड़ों रुपये पहुंचाए गए थे। इसके अलावा कस्टम राइस मिलिंग मामले में भी पूर्व राइस मिलर्स एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष रोशन चंद्राकर द्वारा करोड़ों रुपये पहुंचाने के आरोपों की जांच की जा रही है। इन सभी मामलों में धन के उपयोग और लेनदेन को लेकर रामगोपाल अग्रवाल से पूछताछ की जाएगी।
ईओडब्ल्यू ने बताया कि कार्रवाई से पहले रामगोपाल अग्रवाल के बेटे वैभव अग्रवाल से भी दो दिनों तक पूछताछ की गई थी। एजेंसी का कहना है कि जांच आगे भी जारी रहेगी और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




