वियतनाम में भारतीय पर्यटकों की स्पीडबोट पलटी, 15 की मौत की आशंका, बचाव अभियान जारी
By : hashtagu, Last Updated : July 11, 2026 | 4:54 pm
फु क्वोक द्वीप (वियतनाम): वियतनाम (Vietnam) के फु क्वोक द्वीप के पास भारतीय पर्यटकों (Indian Tourists) को लेकर जा रही एक स्पीडबोट (Speedboat) समुद्र में पलट गई। इस हादसे में 15 लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है। नाव में 32 भारतीय पर्यटक और चालक दल (Crew) के चार सदस्य सवार थे। हादसे के बाद समुद्र में सभी लोग गिर गए। राहत एवं बचाव अभियान (Search and Rescue Operation) लगातार जारी है और स्थानीय प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है।
वियतनाम के स्थानीय मीडिया के अनुसार, यह स्पीडबोट होन मे रुट से एन थोई बंदरगाह जा रही थी। इसी दौरान होन मे रुट नगोई द्वीप से करीब 400 मीटर पहले समुद्र में नाव पलट गई। हादसे के बाद आसपास मौजूद नौकाओं ने सबसे पहले बचाव कार्य शुरू किया। इसके बाद सीमा सुरक्षा बल, नौसेना, तटरक्षक बल और अन्य बचाव एजेंसियां मौके पर पहुंचीं। अब तक 21 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
हनोई स्थित भारतीय दूतावास ने इस हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रभावित भारतीय नागरिकों की मदद के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। दूतावास लगातार स्थानीय प्रशासन के संपर्क में है और बचाव अभियान पर नजर बनाए हुए है। भारतीय दूतावास ने कहा है कि घटना से जुड़ी पूरी जानकारी स्थानीय अधिकारियों से जुटाई जा रही है और जरूरतमंद परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
स्थानीय प्रशासन के अनुसार, हादसे के समय स्पीडबोट में कुल 36 लोग सवार थे, जिनमें 32 भारतीय पर्यटक और चालक दल के चार सदस्य शामिल थे। अधिकारियों ने बताया कि नाव पलटने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना की वास्तविक वजह सामने आएगी।


