ईरान के हमले के बाद कंटेनर जहाज पर लापता हुआ भारतीय क्रू मेंबर, भारत ने जताई चिंता

By : hashtagu, Last Updated : July 12, 2026 | 9:38 pm

नई दिल्ली/मस्कट। ओमान तट के पास स्ट्रेट ऑफ होर्मुज (Strait of Hormuz) से गुजर रहे साइप्रस के झंडे वाले कंटेनर जहाज (Container Ship) पर ईरान के कथित हमले के बाद एक भारतीय क्रू मेंबर (Crew Member) लापता हो गया है। भारत सरकार ने घटना पर गहरी चिंता जताते हुए इसकी निंदा की है। विदेश मंत्रालय (MEA) के अनुसार, जहाज पर सवार 11 भारतीय नागरिकों में से 10 को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि एक भारतीय अब भी लापता है। भारतीय दूतावास ओमान के अधिकारियों के साथ मिलकर बचाव अभियान (Rescue Operation) की निगरानी कर रहा है।

विदेश मंत्रालय ने कहा कि वाणिज्यिक जहाजों पर लगातार हो रहे हमले बेहद चिंताजनक हैं। भारत ने क्षेत्र में तनाव कम करने, कूटनीतिक प्रयासों को आगे बढ़ाने और अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों पर सुरक्षित एवं निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने की अपील की है।

अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के अनुसार, ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने कंटेनर जहाज GFS Galaxy पर हमला किया, जिससे जहाज के इंजन कक्ष को भारी नुकसान पहुंचा और उसमें आग लग गई। आग के कारण जहाज अपनी यात्रा जारी नहीं रख सका और चालक दल को उसे छोड़ना पड़ा।

इस घटना के बाद अमेरिका ने ईरान के खिलाफ नई सैन्य कार्रवाई करते हुए कई ठिकानों पर हवाई हमले किए। वहीं, होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है। यह समुद्री मार्ग दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल परिवहन मार्गों में शामिल है, इसलिए इस घटनाक्रम पर पूरी दुनिया की नजर बनी हुई है।