भारत सरकार की एडवाइजरी: होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों पर भारतीय नाविकों की तैनाती से बचें

By : hashtagu, Last Updated : July 16, 2026 | 2:24 pm

नई दिल्ली। भारत सरकार के समुद्री प्रशासन महानिदेशालय (Directorate General of Maritime Administration-DGMA) ने जहाज मालिकों, शिपिंग कंपनियों और भर्ती एजेंसियों को सलाह (Advisory) जारी करते हुए कहा है कि होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) से गुजरने वाले जहाजों पर भारतीय नाविकों (Indian Seafarers) की तैनाती से फिलहाल बचा जाए। यह फैसला खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते सुरक्षा जोखिमों और हालिया घटनाओं को देखते हुए एहतियात के तौर पर लिया गया है।

एडवाइजरी में कहा गया है कि यह निर्देश अगले आदेश तक प्रभावी रहेगा। जहाजों के मालिकों, प्रबंधकों और भर्ती एवं प्लेसमेंट एजेंसियों से कहा गया है कि भारतीय नाविकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें और उन्हें ऐसे जहाजों पर तैनात न करें, जिन्हें होर्मुज जलडमरूमध्य से होकर गुजरना है। साथ ही जहाजों के कप्तानों को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने और समुद्री सुरक्षा संबंधी सभी चेतावनियों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

सरकार का यह कदम पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और व्यापारिक जहाजों पर हुए हालिया हमलों के बाद उठाया गया है। रिपोर्टों के अनुसार, हाल की घटनाओं में दो भारतीय नाविकों की भी मौत हुई थी, जिसके बाद भारत ने समुद्री सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। भारत वैश्विक शिपिंग उद्योग को बड़ी संख्या में नाविक उपलब्ध कराता है और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह एहतियाती कदम उठाया गया है।