‘एक देश, एक कानून’ पर बोले सीएम मोहन यादव, कहा- रामचंद्र ने एक विवाह किया तो रहीम भी एक ही विवाह करे
By : hashtagu, Last Updated : July 16, 2026 | 2:19 pm
भोपाल (मध्य प्रदेश)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने समान नागरिक संहिता (Uniform Civil Code-UCC) को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि एक देश, एक कानून (One Nation, One Law) की भावना के तहत सभी नागरिकों के लिए समान कानून होना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा, “यदि रामचंद्र ने एक विवाह किया तो रहीम भी एक ही विवाह करे। कानून सभी के लिए समान होना चाहिए।”
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि समान नागरिक संहिता का उद्देश्य धर्म, जाति या समुदाय के आधार पर अलग-अलग व्यक्तिगत कानूनों की व्यवस्था समाप्त कर सभी नागरिकों को समान अधिकार और समान कानूनी व्यवस्था उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि सरकार इस दिशा में आगे बढ़ रही है और प्रदेश में यूसीसी लागू करने की प्रक्रिया जारी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समान नागरिक संहिता लागू होने से विवाह, तलाक, उत्तराधिकार और गोद लेने जैसे नागरिक मामलों में सभी के लिए एक समान कानून लागू होगा। उन्होंने इसे सामाजिक समानता और न्याय की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। हाल ही में राज्य सरकार ने यूसीसी को लेकर सुझाव लेने और विधेयक की तैयारी की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई है।




