लोकसभा में 2 करोड़ 5 वोटर डालेंगे वोट! 1.20 लाख नए वोटर बने

By : hashtagu, Last Updated : February 8, 2024 | 3:07 pm

रायपुर। लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Elections) से पहले छत्तीसगढ़ की मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रीना बाबा साहेब कंगाले (Chief Electoral Officer Reena Baba Saheb Kangale) ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर वोटर लिस्ट की अंतिम सूची जारी कर दी है। इस बार लोकसभा चुनाव की 11 सीटों पर 2 करोड़ 5 लाख 13 हजार 252 मतदाता वोट करेंगे।

इसमें 1 करोड़ 1 लाख 80 हजार 405 पुरुष मतदाता हैं। 1 करोड़ 3 लाख 32 हजार 115 महिला मतदाता और 732 थर्ड जेंडर मतदाता हैं।

लोकसभा चुनाव में होंगे 24,109 मतदान केंद्र

लोकसभा चुनाव 2024 के लिए प्रदेश में कुल 24,109 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। प्रदेश में विधानसभा चुनाव के बाद 6 जनवरी से 8 फरवरी 1 महीने तक मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम चलाया गया था, जिसमें 1 लाख 20 हजार 92 वोटर्स की संख्या बढ़ी है।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रीना बाबा साहेब कंगाले ने कहा कि 18 से 19 साल के वोटर्स, जो पहले 4 लाख 94 हजार 452 थे, उसमें 82,732 की बढ़ोतरी हुई है। लोकसभा चुनाव में इस आयु वर्ग के 5 लाख 77 हजार 184 मतदाता हैं, जो कुल मतदाताओं की संख्या का 2.81 प्रतिशत है।

3 लाख 23 हजार से अधिक वोटरों के नाम काटे गए

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से मिली जानकारी के मुताबिक, लोकसभा चुनाव से पहले पुनरीक्षण के दौरान 3 लाख 23 हजार 602 नामों को वोटर लिस्ट से हटाया गया है। अहिवारा विधानसभा से 16,272, दंतेवाड़ा से 10,923, दुर्ग ग्रामीण से 8212 , अंबिकापुर से 8132, वैशाली नगर से 7950 और पाटन से 7298 वोटरों के नामों को काटा गया है।

महिला वोटरों की संख्या अधिक

प्रदेश में पुरुषों के मुकाबले महिला वोटरों की संख्या ज्यादा है। प्रदेश में महिला वोटर्स की संख्या कुल 1 करोड़ 3 लाख 32 हजार 115 है। राज्य में महिला मतदाताओं का जेंडर रेश्यो पुरुषों से अधिक है। यहां 1000 पुरुष वोटर पर 1,015 महिला मतदाता हैं।

यह भी पढ़ें : छत्तीसगढ़ में न्याय यात्रा की इंट्री! राहुल ने PM मोदी की जाति पर छोड़े सियासी तीर