अरुण साव के बयान पर ‘अमरजीत’ बोले, ‘सांड’ के समाने ‘विजय बघेल’ बछड़े जैसे हैं!

By : hashtagu, Last Updated : August 18, 2023 | 1:41 pm

रायपुर। विधानसभा चुनाव की सरगर्मी बीजेपी के 21 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम फाइनल करने से बढ़ गई है। ऐसे में कांग्रेस नेता बीजेपी के टिकट पर वार करने से नहीं चूक रहे हैं। वैसे छत्तीसगढ़ में इस बार चुनाव में बघेल बनाम बघेल की चर्चा थी ही। भाजपा ने पाटन से विजय बघेल को टिकट देकर इस पर मुहर लगा दी। दिल्ली की बैठक के बाद प्रत्याशियों की लिस्ट आई तो सबसे अधिक चर्चा पाटन सीट की रही।

ये सीट हॉट सीट इस वजह से है क्योंकि यहां से CM भूपेश बघेल चुनाव लड़ते हैं। भाजपा ने उनके सांसद भतीजे विजय बघेल (Vijay Baghel) को उतार दिया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष कह रहे हैं कि हम पाटन जीतेंगे। छत्तीसगढ़ सरकार के मंत्री अमरजीत भगत इसे सांड और बछड़े का युद्ध बता रहे हैं।

बीती रात दिल्ली से लौटकर भारतीय जनता पार्टी के छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष सांसद अरुण साव ने कहा- मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को भी इस बार पाटन से पलायन करना पड़ सकता है। जैसे उनके नेता राहुल गांधी अमेठी में सुनिश्चित हार को देखते हुए केरल के वायनाड पलायन कर गए, भूपेश बघेल भी पाटन में अपनी तयशुदा हार को देखते हुए पाटन के साथ किसी और सीट से भी चुनाव लड़ सकते हैं। क्योंकि पाटन में अब उनके लिए कोई गुंजाइश नहीं रह गई है। भाजपा आने वाले चुनाव में मुख्यमंत्री सहित पूरी कांग्रेस को हराकर एक नया इतिहास रचेगी। विजय बघेल उन्हें पहले भी हरा चुके हैं।

जवाब में छत्तीसगढ़ सरकार के मंत्री अमरजीत भगत (Amarjit Bhagat) ने कह दिया- ये तो सांड के सामने बछड़े को बांधने जैसा है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के सामने सांसद विजय बघेल बछड़े हैं। भाजपा की लिस्ट सिर्फ औपचारिकता है। कांग्रेस को कोई इससे चुनौती नहीं है। सरकार ने इतने काम किए हैं कि इस लिस्ट से फर्क ही नहीं पड़ेगा।

यह भी पढ़ें : अरुण साव का दावा : पाटन के साथ ‘किसी और सीट’ से भी ‘चुनाव’ लड़ सकते हैं भूपेश!

यह भी पढ़ें : बम की धमकी के बाद दिल्ली-पुणे विस्तारा फ्लाइट से उतरे यात्री