BJP में 117 नई नियुक्तियां, सिर्फ 9 महिलाओं को जगह

By : hashtagu, Last Updated : December 2, 2025 | 7:20 pm

रायपुर: छत्तीसगढ़ भाजपा (BJP) ने विधानसभा प्रभारी, जिला प्रभारी और विभिन्न प्रकोष्ठों में कुल 117 पदाधिकारियों की नियुक्ति कर दी है। प्रदेश अध्यक्ष किरण देव की नई टीम में 117 में से 108 पद पुरुष नेताओं को दिए गए हैं, जबकि केवल 9 पद महिलाओं को मिले हैं। पूरी सूची में 36 विधानसभा क्षेत्रों में से सिर्फ एक जगह महिला प्रभारी की नियुक्ति हुई है। प्रकोष्ठों में 2 और जिलों में 6 महिलाओं को जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी ने इस चयन में युवा कार्यकर्ताओं, अनुभवी नेताओं और लंबे समय से संगठन में सक्रिय रहे सदस्यों को प्राथमिकता दी है।

जिला स्तर पर नई जिम्मेदारियां भी तय की गई हैं। रायपुर शहर का प्रभारी राजेंद्र शर्मा को बनाया गया है, जबकि रायपुर ग्रामीण की जिम्मेदारी सुरेंद्र पाटनी को मिली है। बिलासपुर ग्रामीण का प्रभार प्रबल प्रताप जूदेव को सौंपा गया है।

कम महिलाओं को जगह मिलने पर प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भाजपा विचारधारा से और आदत से महिला विरोधी है और महिला कार्यकारिणी में भी महिलाओं को स्थान नहीं दिया गया है।

प्रदेश महासचिव पवन साय ने सभी विधानसभा प्रभारियों, जिला प्रभारियों और प्रकोष्ठ पदाधिकारियों को स्पष्ट किया है कि अब फोकस बूथ मजबूत करने और जमीनी स्तर पर माइक्रो मैनेजमेंट पर रहेगा। सभी को फील्ड में सक्रिय रहना अनिवार्य होगा।

पार्टी ने निगम मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, केदारनाथ गुप्ता और संजय श्रीवास्तव का कद भी बढ़ाया है। भूपेंद्र सवन्नी को जांजगीर चांपा विधानसभा, केदारनाथ गुप्ता को भानुप्रतापपुर और संजय श्रीवास्तव को डोंगरगांव विधानसभा प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।