रायपुर दक्षिण सीट से भाजपा ने दिया सुनील सोनी को टिकट, जानिए कैसे बना स्मीकरण

By : madhukar dubey, Last Updated : October 19, 2024 | 9:10 pm

रायपुर। भाजपा की केंद्रीय समिति की बैठक में शनिवार को रायपुर दक्षिण विधानसभा सीट(Raipur South Assembly Seat) पर पूर्व सांसद सुनील सोनी को प्रत्याशी घोषित कर दिया गया। दिल्ली में आयोजित बैठक में प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय मौजूद रहे। इस दौरान चार दावेदारों के नामों को लेकर चर्चा हुई, जहां पूर्व सांसद सुनील सोनी के नाम पर सहमति बनी। नामांकन की अंतिम तारीख 25 अक्टूबर है। ऐसे में भाजपा प्रत्याशी सोनी मुर्हूत(BJP candidate Soni Murhoot) के हिसाब से नामांकन करेंगे। इसके साथ में सांसद बृजमोहन अग्रवाल सहित रायपुर के सभी विधायक और भाजपा के पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।

ये है पूर्व सांसद सुनील सोनी का राजनीतिक सफरनामा

सुनील सोनी संघ से जुड़े भाजपा नेता रहे हैं। इन्होंने अपनी राजनीतिक कॅरियर की शुरुआत बतौर छात्र नेता की थी. साल 1983 में वे रायपुर के दुर्गा कॉलेज के छात्र संघ अध्यक्ष बने। इसके बाद भाजपा जिला कमेटी से जुड़े। रायपुर नगर निगम में पार्षद चुने जाने के बाद वे साल 2000 से 25 दिसंबर 2003 तक सभापति रहे। दिसंबर 2003 से 2010 तक वे रायपुर नगर निगम के महापौर थे। इसके बाद 2011 से 2013 तक रायपुर डेवलपमेंट अथॉरिटी के अध्यक्ष रहे। इसके बाद साल 2014 से वे बीजेपी संगठन में प्रदेश उपाध्यक्ष हैं।

बृजमोहन अग्रवाल के चुनाव संचालक रह चुके हैं, इसलिए जीत आसान

छत्तीसगढ़ के बीजेपी के कद्दवार नेता व पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल के करीबियों में सुनील सोनी माने जाते हैं। अब तक विधानसभा चुनावों में अजेय रहे बृजमोहन अग्रवाल के पांच चुनावों का संचालन का जिम्मा सुनील सोनी पर था। सुनील सोनी के पिता कंवर लाल सोनी भी राष्ट्रीय स्वंय सेवक संघ से जुड़े रहे हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि रायपुर दक्षिण से आठ बार लगातार विधायक रहे सांसद बृजमोहन अग्रवाल की कहीं न कहीं सहमति जरूरी ली गई है। इसके चलते भी सुनील सोनी की दावेदारी मजबूत रही। ऐसे में यहां भाजपा की जीत बेहद आसान होना तय माना जा रहा है।