कांग्रेस पर BJP के तीखे वार! अब ‘वर्चस्व’ की लड़ाई में हो रही हत्याएं…VIDEO

By : hashtagu, Last Updated : October 26, 2023 | 4:48 pm

रायपुर। BJP के प्रदेश प्रवक्ता केदारनाथ गुप्ता (BJP State spokesperson Kedarnath Gupta) ने नक्सल हिंसा को लेकर प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोलते हुए कांग्रेस और नकसलवादियों के रिश्ते पर सवाल उठाया है।  गुप्ता ने कहा कि भाजपा लगातार यह मुद्दा उठा रही है कि छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल (Chief Minister Bhupesh Baghel) आदिवासी क्षेत्रों सहित पूरे प्रदेश में अपना राजनीतिक वर्चस्व और भरोसा खो चुके हैं। अब वर्चस्व की लड़ाई में राजनीतिक हत्याएँ तक हो रही हैं। भाजपा सीधे-सीधे राजनीतिक हत्या इसलिए कह रही है क्योंकि कुछ महीने पहले ही कांग्रेस की सभा में कांग्रेस विधायक इंद्रशाह मंडावी की मौजूदगी में खुलेआम सरजू टेकाम ने यह धमकी दी थी कि जो भी इस क्षेत्र में भाजपा का प्रचार करने आएगा, उसे काट डाला जाएगा, हत्या करके फेंक दिया जाएगा। श्री गुप्ता ने हैरानी जताई कि सरजू टेकाम पर न तो कोई एफआईआर हुई, न ही कोई कार्रवाई हुई और इस राजनीतिक संरक्षण के चलते हाल ही वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता बिरझू तारम की नृशंस हत्या कर दी गई।

  • भाजपा प्रदेश प्रवक्ता गुप्ता ने गुरुवार को एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में प्रेस ब्रीफ में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि बिरझू तारम की हत्या को भाजपा राजनीतिक हत्या बताती रही, लेकिन सरकार की ओर से कोई बयान नहीं आया और तीन दिनों के बाद नक्सलियों ने पर्चा फेंका जिसमें स्पष्ट रूप से यह कहा गया है कि मना करने के बाद भी भाजपा का प्रचार-प्रसार करने की सजा बिरझू तारम को दी गई है। श्री गुप्ता ने सवाल किया कि क्या भाजपा का प्रचार-प्रसार करने पर हत्या होगी और कांग्रेस या दीगर पार्टी का प्रचार-प्रसार करने पर सुरक्षा दी जाएगी? क्या नक्सलवाद छत्तीसगढ़ में इसीलिए पनप रहा है? नक्सली लगातार भाजपा के नेताओं, पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को टारगेट कर रहे हैं। इससे पहले बस्तर में भी भाजपा के लोग नक्सलियों की टारगेट किलिंग के शिकार हुए हैं। अब नक्सलियों ने पर्चा फेंककर यह सिद्ध कर दिया है कि कांग्रेस की प्रदेश सरकार नक्सलवादियों और सरजू टेकाम व उस जैसे घोर हेट स्पीच करने वालों पर कोई कार्रवाई इसीलिए नहीं कर रही है, ताकि भाजपा के कार्यकर्ता उनके निशाना बनें।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता  गुप्ता ने कहा कि भाजपा का यह स्पष्ट मत है कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार लोकतंत्र की हत्या कर रही है। प्रदेश में भाजपा विपक्ष में है और विपक्ष के लोगों की हत्या करके वह भय और आतंक के जरिए वातावरण बिगाड़ने में लगी है। भाजपा ने इस हत्या को राजनीतिक हत्या बताते हुए धर्मांतरण के मुद्दे को भी उठाया है। स्व. बिरझू तारम ने नवरात्रि पर्व पर दुर्गा प्रतिमा की स्थापना कर लोगों को पूजा करने के लिए आने को कहा था। कांग्रेस के राज में क्या पूजा करना भी अब अपराध है? श्री गुप्ता ने कहा कि नक्सलवाद की आड़ में आतंक फैलाकर कहीं-न-कहीं कांग्रेस की भूपेश सरकार अपने राजनीतिक वर्चस्व को बचाने की नाकाम कोशिश कर रही है। केंद्र सरकार द्वारा बस्तर के भाजपा नेताओं को नक्सलियों से सुरक्षा मुहैया कराने पर मुख्यमंत्री बघेल के बयान को उनके दिमागी दीवालिएपन का प्रतीक बताते हुए श्री गुप्ता ने सवाल उठाया कि डेढ़ महीने पहले प्रदेश सरकार ने बस्तर के शीर्ष भाजपा नेताओं की सुरक्षा क्यों छीन ली थी? यदि उन 24 भाजपा नेताओं को केंद्र सरकार सुरक्षा प्रदान नहीं करती तो उनका क्या हश्र होता, छत्तीसगढ़ के कांग्रेसी और मुख्यमंत्री बघेल इस सवाल का जवाब दें। क्या प्रदेश के हरएक नागरिक को सुरक्षा देने का काम प्रदेश सरकार का नहीं है? क्या नागरिक सुरक्षा के मोर्चे पर भूपेश सरकार अक्षम मान रही है जो कह रही है कि भाजपा सुरक्षा क्यों नहीं दे रही है? सुरक्षा देना विपक्ष का काम है या सरकार का? श्री गुप्ता ने कटाक्ष किया कि पता नहीं, भूपेश सरकार के मन और दिमाग को क्या हो गया है? सत्ता के नशे में कांग्रेसियों और उसकी प्रदेश सरकार का राजनीतिक तौर पर दिमागी दीवाला पिट चुका है।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता गुप्ता ने प्रदेश सरकार को अपराध के साथ चलने वाली बताते हुए कहा कि कांग्रेस के दो विधायकों पर ईडी ने चार्जशीट दाखिल की है। इनमें से देवेन्द्र यादव को पुन: टिकट दिया गया है और कृष्णदेव राय से आज तक इस्तीफा नहीं लिया गया। भाजपा यह मांग करती है कि दोनों चार्जशीटेड विधायकों से इस्तीफा लिया जाए।

गुप्ता ने प्रश्न किया कि क्या कांग्रेस ऐसे आरोपियों को टिकट दे रही है जिनके आपराधिक रिकॉर्ड के बारे में चार्जशीट में कहा गया है। ऐसे आरोपियों को अगर कांग्रेस अपना प्रत्याशी बनाती है, तो यह स्पष्ट हो जाएगा कि कांग्रेस अपराध और भ्रष्टाचार को प्रश्रय दे रही है। श्री गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 16 लाख आवास के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने राशि भेज दी थी, जिसे भूपेश सरकार ने नहीं बनने दिया और उन लाखों ग्रामीण गरीब को पक्की छत नसीब न हो सकी। भाजपा की प्रदेश में सरकार बनते ही सबसे पहले इन आवासों की स्वीकृति का फैसला लेकर राशि जारी की जाएगी। इसी के साथ शहरी क्षेत्र के 4 लाख आवास भी बनाए जाएंगे।

इस दौरान भाजपा प्रदेश मीडिया सह प्रभारी अनुराग अग्रवाल भी उपस्थित थे।

यह भी पढ़ें : CM ‘हेमंत बिस्वा’ की पत्नी के ‘फंड’ पर भूपेश के सवाल!…