पूर्व विधायक देवती कर्मा के बंगले में चली गोली! हेडकांस्टेबल की मौत, एक जख्मी

By : hashtagu, Last Updated : April 26, 2024 | 12:36 pm

रायपुर। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा से पूर्व कांग्रेस विधायक देवती कर्मा (Former Congress MLA Devati Karma) के रायपुर के सिविल लाइंस स्थित सरकारी बंगले में गोली (Bullet in government bungalow) चली है। गोली सुरक्षाकर्मी के पिस्टल से फायर हुई, जिससे बंगले पर सुरक्षा के लिए तैनात हेड कॉन्स्टेबल की मौत हो गई है।

Devati Karma

  • जानकारी के मुताबिक इस घटना में एक अन्य पुलिसकर्मी भी बुरी तरह से घायल हो गया है। गोली उसके हाथ के आर-पार हो गई, जिसे लहूलुहान हालत में मेकाहारा में भर्ती कराया गया है। दोनों सुरक्षाकर्मी मध्यप्रदेश के भिंड जिले के हैं।

पिस्टल की सफाई के दौरान चली गोली

बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे सिविल लाइंस स्थित देवती कर्मा के बंगले में उनके बेटे आशीष कर्मा की VIP सुरक्षा में लगे APC राम कुमार दोहरे और हेड कॉन्स्टेबल अजय सिंह बैरक में थे। वे रोज की तरह अपनी पिस्टल की साफ-सफाई कर रहे थे। इसी दौरान गोली चल गई।

हाथ को चीर कर सीने में जा धंसी गोली

गोली असिस्टेंट प्लाटून कमांडर राम कुमार दोहरे के हाथ को चीरते हुए हेड कॉन्स्टेबल अजय सिंह के सीने में जाकर लगी। गोली लगने से अजय सिंह बेहोश हो गए। तेजी से खून निकलने लगा। इसके बाद लहूलुहान हालत में उन्हें मेकाहारा अस्पताल ले जाया जा रहा था, जहां रास्ते में ही मौत हो गई। वहीं, राम कुमार का इलाज जारी है।

66whatsapp Image 2024 04 26 At 94705 Am 1714109766

एक्सीडेंटल मिस फायर था

पुलिस को शुरुआती जांच में पता चला है कि ये एक एक्सीडेंटल मिस फायर था, जिसमें एक बुलेट फायर हुई है। पुलिस को मौके से बुलेट का खोखा भी मिल गया है। गोली चलने के बाद जख्मी राम कुमार ने ही सिविल लाइंस पुलिस को फोन कर इसकी जानकारी दी।

दोनों मध्यप्रदेश के रहने वाले

बताया जा रहा है कि मृतक अजय सिंह मध्य प्रदेश के भिंड जिले के रहने वाले थे। घटना में घायल APC राम कुमार भी भिंड का ही हैं। पुलिस ने दोनों के परिवारों को घटना की सूचना दे दी है। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें : दूसरे चरण का मतदान : छत्तीसगढ़ में 11 बजे तक 35.47 प्रतिशत मतदान